1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. छप्परफाड़ बढ़त के साथ ₹8651 करोड़ हुआ भारती एयरटेल का नेट प्रॉफिट, दूसरी तिमाही में मालामाल हुई कंपनी

छप्परफाड़ बढ़त के साथ ₹8651 करोड़ हुआ भारती एयरटेल का नेट प्रॉफिट, दूसरी तिमाही में मालामाल हुई कंपनी

एयरटेल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान उसका ऑपरेशनल इनकम भी 25.7 प्रतिशत बढ़कर 52,145 करोड़ रुपये रहा।

Bharti Airtel, Bharti Airtel results, Bharti Airtel financial results, Bharti Airtel share price, Bh- India TV Hindi
Image Source : PTI सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए भारती एयरटेल के शेयर

Bharti Airtel Q2 Results: देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने सोमवार को अपने वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। भारती एयरटेल के लिए चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही काफी शानदार रही और इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट दोगुना से भी ज्यादा बढ़ गया। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के दौरान उनका नेट प्रॉफिट 8,651 करोड़ रुपये रहा। बताते चलें कि एक साल पहले 2024-25 की दूसरी तिमाही में कंपनी को 4,153.4 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। खबर लिखे जाने तक कंपनी ने डिविडेंड की कोई नई घोषणा नहीं की थी।

कंपनी के ऑपरेशनल इनकम में भी अच्छी-खासी बढ़त

एयरटेल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान उसका ऑपरेशनल इनकम भी 25.7 प्रतिशत बढ़कर 52,145 करोड़ रुपये रहा। जबकि, एक साल पहले इसी तिमाही में एयरटेल का ऑपरेशन इनकम 41,473.3 करोड़ रुपये था। भारती एयरटेल का प्रति उपभोक्ता औसत मोबाइल राजस्व चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में करीब 10 प्रतिशत बढ़कर 256 रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 233 रुपये था।

सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए भारती एयरटेल के शेयर

कंपनी ने सोमवार को बाजार बंद होने के बाद नतीजों की घोषणा की। लिहाजा, मंगलवार को बाजार खुलने के बाद एयरटेल के शेयरों में तगड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है। सोमवार को बीएसई पर भारती एयरटेल के शेयर 19.15 रुपये (0.93%) की तेजी के साथ 2073.75 रुपये के भाव पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 2080.40 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 2046.55 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे थे। देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी के शेयरों का भाव अपने 52 वीक हाई के काफी करीब पहुंच चुका है। बीएसई पर भारती एयरटेल के शेयरों का 52 वीक हाई 2109.90 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 1510.80 रुपये है। भारती एयरटेल का मौजूदा मार्केट कैप 11,82,474.09 करोड़ रुपये है।

Latest Business News