1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. भारी उठा-पटक के बीच उछाल के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 185 अंक उछला, निफ्टी भी मजबूत, ये शेयर चढ़े

भारी उठा-पटक के बीच उछाल के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 185 अंक उछला, निफ्टी भी मजबूत, ये शेयर चढ़े

घरेलू शेयर बाजार में आईटी और रियल्टी सेक्टर की मजबूती के दम पर सूचकांक हरे निशान पर बंद हुए, हालांकि मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों और कई अन्य सेक्टरों में दबाव बना रहा।

निफ्टी मिडकैप इंडेक्स...- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.3 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.4 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ।

भारतीय शेयर बाजार गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच अंत में निफ्टी 22,700 के ऊपर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 185.23 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,319.55 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 33.70 अंक यानी 0.15 प्रतिशत बढ़कर 22,713.10 पर पहुंच गया। बाजार में व्यापक तेजी देखने को मिली। कुल 2548 शेयरों में बढ़त रही, 1505 शेयर गिरे और 147 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.3 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.4 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। सेक्टोरल आधार पर आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.6 प्रतिशत की तेजी रही। रियल्टी इंडेक्स में 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, ऑटो, पीएसयू बैंक, ऑयल एंड गैस, फार्मा और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में करीब 1-1 प्रतिशत की गिरावट रही।

Image Source : BSEबाजार बंद होते समय बीएसई में शामिल कंपनियों का गुरुवार को प्रदर्शन।

निफ्टी के टॉप गेनर्स

  • एचसीएल टेक्नोलॉजीज
  • टेक महिंद्रा
  • टीसीएस
  • टाटा कंज्यूमर
  • विप्रो

निफ्टी के टॉप लूजर्स

  • इटर्नल
  • एशियन पेंट्स
  • आयशर मोटर्स
  • बजाज ऑटो
  • सन फार्मा

इंट्राडे लो तक पहुंच गया था सेंसेक्स

शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,588.51 अंकों की गिरावट के साथ एक समय 71,545.81 के इंट्राडे लो तक पहुंच गया। हालांकि, बाद में बाजार में शानदार रिकवरी आई और सेंसेक्स ने सभी नुकसान की भरपाई करते हुए बढ़त के साथ बंद हुआ। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में 496.85 अंक यानी 2.19 प्रतिशत गिरकर 22,182.55 के निचले स्तर तक पहुंच गया था। लेकिन बाद में इसमें भी तेज सुधार हुआ।

Image Source : NSEबाजार बंद होते समय एनएसई में शामिल कंपनियों का गुरुवार को प्रदर्शन।

एशियाई और यूरोपीय बाजारों में गिरावट, अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद

वैश्विक बाजारों में कमजोरी का रुख देखने को मिला। एशियाई बाजार गुरुवार को अधिकांशतः गिरावट के साथ बंद हुए। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.47 प्रतिशत गिरा, जबकि जापान का निक्केई 225 में 2.40 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। इसके अलावा, चीन का शंघाई SSE कंपोजिट 0.74 प्रतिशत फिसला और हांगकांग का हैंग सेंग 0.70 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में भी दबाव देखने को मिला। जर्मनी का DAX 1.32 प्रतिशत गिरा, जबकि पेरिस का CAC 40 में 0.80 प्रतिशत की गिरावट रही। वहीं, लंदन का FTSE 100 लगभग सपाट स्तर पर कारोबार करता दिखा। इसके विपरीत, अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को मजबूती के साथ बंद हुए।

Latest Business News