1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. लाल निशान में बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 80,242 पर बंद, निफ्टी भी मामूली लुढ़का, इन स्टॉक्स में हलचल

लाल निशान में बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 80,242 पर बंद, निफ्टी भी मामूली लुढ़का, इन स्टॉक्स में हलचल

आज के कारोबार में बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 0.7 प्रतिशत की गिरावट रही, जबकि बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.7 प्रतिशत की गिरावट रही।

मुंबई स्थित बीएसई सेंसेक्स की बिल्डिंग के पास से गुजरता एक व्यक्ति।- India TV Hindi
Image Source : PTI मुंबई स्थित बीएसई सेंसेक्स की बिल्डिंग के पास से गुजरता एक व्यक्ति।

भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स कारोबार के आखिर में 46.14 अंक लुढ़ककर 80,242.24 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 1.75 अंक की मामूली गिरावट के साथ 24334.20 के लेवल पर बंद हुआ। उधर, निफ्टी बैंक भी 304.1 अंक की गिरावट के साथ 55,087.15 के लेवल पर बंद हुआ।

इन स्टॉक्स में दिखी हलचल

आज के कारोबार में निफ्टी पर मारुति सुजुकी, एचडीएफसी लाइफ, भारती एयरटेल, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, पावर ग्रिड कॉर्प प्रमुख लाभ में रहे, जबकि बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, टाटा मोटर्स, एसबीआई में गिरावट रही। इसके अलावा, रियल्टी इंडेक्स में करीब 2 प्रतिशत और टेलीकॉम इंडेक्स में 1 प्रतिशत की तेजी रही। मीडिया, पीएसयू बैंक इंडेक्स में 2-2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और आईटी, बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स में आधा-आधा प्रतिशत की गिरावट रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा मोटर्स, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाटा स्टील और एशियन पेंट्स के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी तरफ, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एचडीएफसी बैंक के शेयर बढ़त में रहे।

बजाज फिनसर्व में पांच प्रतिशत से अधिक की गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फिनसर्व में पांच प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई जबकि बजाज फाइनेंस में लगभग पांच प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बजाज फिनसर्व लिमिटेड (बीएफएल) का चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 14 प्रतिशत बढ़कर 2,417 करोड़ रुपये रहा। इस बीच, एनबीएफसी फर्म बजाज फाइनेंस का बीती तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़कर 3,940 करोड़ रुपये रहा है।

दुनिया के बाजारों में आज का रुख

एशिया के दूसरे बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए। जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त पर रहे। यूरोप के बाजारों में तेजी का रुझान देखा जा रहा था। मंगलवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,385.61 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

Latest Business News