Gold Price Today: सोने के दाम में आ गई गिरावट, चांदी नहीं मानी, जानें आज का ताजा भाव
सोने के विपरीत गुरुवार को चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। वैश्विक बाजार में भी सोने में नरमी दिखी, जबकि चांदी मामूली रूप से मजबूत हुई।

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी ने लगातार तीसरे दिन तेज उछाल बनाए रखा। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, कमजोर वैश्विक संकेतों और स्टॉकिस्टों तथा खुदरा विक्रेताओं की लिवाली कमजोर रहने से सोना ₹640 गिर गया। पीटीआई की खबर के मुताबिक, 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत ₹640 की गिरावट के साथ ₹1,29,460 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत ₹640 घटकर ₹1,28,860 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।
गिरावट का कारण: रूस-यूक्रेन तनाव में कमी
HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट – कमोडिटीज, सौमिल गांधी ने सोने में इस कमजोरी का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन शांति समझौते की दिशा में प्रगति से भू-राजनीतिक तनाव कम हुआ है, जिसके चलते 'जियोपॉलिटिकल प्रीमियम' हट गया और निवेशकों ने मुनाफावसूली की।
चांदी हो गई ₹5100 हो गई महंगी
सोने के विपरीत, चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। चांदी की कीमत ₹5,100 बढ़कर ₹1,68,200 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। यह चांदी में लगातार तीसरे सत्र की बढ़त है। पिछले तीन सत्रों में, चांदी ₹13,200 बढ़ चुकी है, जो सोमवार के ₹1,55,000 प्रति किलोग्राम के स्तर से काफी ऊपर है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार और चीन में स्टॉकपाइल
वैश्विक बाजार में भी सोने में नरमी दिखी, जबकि चांदी मामूली रूप से मजबूत हुई। स्पॉट गोल्ड $5.60 या 0.13% गिरकर $4,158.38 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। जबकि स्पॉट सिल्वर मामूली बढ़त के साथ $53.39 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। गांधी ने बताया कि अमेरिका में थैंक्सगिविंग हॉलिडे के कारण ट्रेडिंग वॉल्यूम कम रहा और अब बाजार नए प्रेरक संकेतों की प्रतीक्षा कर रहा है।
चांदी की कीमतों में उछाल का एक बड़ा कारण आपूर्ति संबंधी चिंताएं हैं, जो चीन में स्टॉकपाइल कम होने से बढ़ी हैं। गांधी ने कहा कि वैश्विक चांदी भंडार दशक के निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। शंघाई फ्यूचर्स एक्सचेंज से जुड़े वेयरहाउसों में चांदी का भंडार अब 2015 के बाद सबसे कम स्तर पर है। सप्लाई की कमी को कम करने के लिए हाल ही में बड़ी मात्रा में चांदी की डिलीवरी लंदन भेजी गई है, जो कीमतों को समर्थन दे रही है।