1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Price: सोने के भाव में तूफानी तेजी, अमेरिका-चीन टैरिफ वॉर ने कीमतों में लगाई आग

Gold Price: सोने के भाव में तूफानी तेजी, अमेरिका-चीन टैरिफ वॉर ने कीमतों में लगाई आग

सोने का भाव 3% की बढ़ोतरी के साथ 3175.07 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो इस महीने की शुरुआत में पहुंचे पिछले लाइफटाइम हाई से भी ज्यादा है।

gold price, gold, gold rate, gold price today, gold rate today, us markets, asian markets, donald tr- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY गुरुवार को अमेरिकी बाजार में फिर दिखी बड़ी गिरावट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ पॉलिसी का ग्लोबल इकोनॉमी पर जबरदस्त प्रभाव पड़ रहा है। इसी चिंता को लेकर शुक्रवार, 11 अप्रैल को सोने का भाव अपने नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक आज सोने का भाव 3% की बढ़ोतरी के साथ 3175.07 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो इस महीने की शुरुआत में पहुंचे पिछले लाइफटाइम हाई से भी ज्यादा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में सोने का वायदा भाव 3.2% बढ़कर 3177.5 डॉलर पर बंद हुआ। जबकि हाजिर चांदी 0.5% गिरकर 30.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

गुरुवार को अमेरिकी बाजार में फिर दिखी बड़ी गिरावट

यूबीएस ग्लोबल वेल्थ मैनेजमेंट में कमोडिटीज और एशिया पैसिफिक करेंसी के हेड डोमिनिक श्नाइडर ने कहा, "हम सोने के लिए काफी सकारात्मक बने हुए हैं।'' बताते चलें कि बुधवार, 9 अप्रैल को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों के लिए नए टैरिफ रेट्स पर 90 दिनों की रोक लगा दी थी, जिसके बाद अमेरिकी शेयर बाजार में रिकॉर्डतोड़ तेजी देखने को मिली थी। हालांकि, चीन को लेकर अमेरिका के रुख की वजह से गुरुवार को एक बार फिर अमेरिकी बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई।

Nasdaq में दर्ज की गई 4.31% की बड़ी गिरावट

शुरुआती कारोबार में अमेरिकी शेयर बाजार में भयानक गिरावट देखी जा रही थी। हालांकि, बाजार बंद होने तक नुकसान कम हो गया। Dow Jones 1014 अंकों (2.5%) की गिरावट के साथ बंद हुआ। S&P 500 में 3.46% की गिरावट दर्ज की गई और Nasdaq 4.31% की गिरावट के साथ बंद हुआ। जबकि एक समय S&P 500 6% और नैसडेक 7% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। आज एशियाई बाजारों में भी अमेरिकी बाजार की गिरावट का असर देखने को मिल रहा है और लगभग सभी एक्सचेंज नुकसान में कारोबार कर रहे हैं।

गुरुवार को महावीर जयंती की छुट्टी के बाद भारतीय शेयर बाजार आज कारोबार के लिए खुलेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय बाजार में आज अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है।

ये भी पढ़ें-

 

Latest Business News