1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. इस सरकारी कंपनी के प्रॉफिट में 32% की ताबड़तोड़ बढ़ोतरी, दूसरी तिमाही में ₹10,053 करोड़ का हुआ शुद्ध लाभ

इस सरकारी कंपनी के प्रॉफिट में 32% की ताबड़तोड़ बढ़ोतरी, दूसरी तिमाही में ₹10,053 करोड़ का हुआ शुद्ध लाभ

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की नेट प्रीमियम इनकम बढ़कर 1,26,479 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 1,19,901 करोड़ रुपये थी।

life insurance corporation, life insurance corporation of india, lic share price, lic share, lic res- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दूसरी तिमाही में कंपनी के नेट प्रीमियम इनकम में भी दर्ज की गई बढ़ोतरी

पब्लिक सेक्टर की इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने शेयर बाजार एक्सचेंजों को दी जानकारी में बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उनका नेट प्रॉफिट 32 प्रतिशत बढ़कर 10,053 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में 7,621 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। सरकारी इंश्योरेंस कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी कुल इनकम बढ़कर 2,39,614 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 2,29,620 करोड़ रुपये थी। 

दूसरी तिमाही में कंपनी के नेट प्रीमियम इनकम में भी दर्ज की गई बढ़ोतरी

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की नेट प्रीमियम इनकम बढ़कर 1,26,479 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 1,19,901 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी के रीन्यूअल प्रीमियम बढ़कर 64,996 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 61,910 करोड़ रुपये था। हालांकि, इस दौरान पहले साल का प्रीमियम घटकर 10,836 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 11,201 करोड़ रुपये था। बताते चलें कि केंद्र सरकार द्वारा 22 सितंबर से लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम को 18 प्रतिशत के जीएसटी से पूरी तरह छूट दिए जाने के बावजूद पहले साल के प्रीमियम में गिरावट देखी गई है। 

गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए भारतीय जीवन बीमा निगम के शेयर

गुरुवार को एलआईसी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई पर आज इस सरकारी कंपनी के शेयर 1.21 प्रतिशत (10.95 रुपये) की गिरावट के साथ 895.45 रुपये के भाव पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 906.40 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 891.90 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे थे। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, एलआईसी के शेयरों का 52 वीक हाई 1007.70 रुपये है। जबकि, इस सरकारी इंश्योरेंस कंपनी के शेयरों का 52 वीक 891.90 रुपये है। बीएसई के मुताबिक, भारतीय जीवन बीमा निगम का मौजूदा मार्केट कैप 5,66,371.92 करोड़ रुपये है।

Latest Business News