1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. HDFC Bank के मार्केट कैप में ₹1.18 लाख करोड़ की भारी गिरावट, सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों को ₹2.74 लाख करोड़ का नुकसान

HDFC Bank के मार्केट कैप में ₹1.18 लाख करोड़ की भारी गिरावट, सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों को ₹2.74 लाख करोड़ का नुकसान

एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप सबसे ज्यादा 1,18,383.91 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 11,43,985.90 करोड़ रुपये रह गया।

market cap, market capitalisation, hdfc bank, hindustan unilever, share market news- India TV Hindi
Image Source : JUSTDIAL पिछले हफ्ते एचडीएफसी बैंक के शेयरों में दर्ज की गई थी भयावह गिरावट

बीते हफ्ते घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। इस भारी गिरावट के कारण सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 2.74 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई। जबकि बाकी की एक कंपनी के मार्केट कैप में 152.73 करोड़ रुपये की मामूली तेजी आई। बताते चलें कि पिछले हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 2,091.68 अंक यानी 2.67 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में भी 566.85 अंकों यानी 2.32 प्रतिशत का नुकसान दर्ज किया गया था।

किन कंपनियों के मार्केट कैप में दर्ज की गई गिरावट

पिछले हफ्ते एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और लार्सन एंड टुब्रो के मार्केट कैप में नुकसान दर्ज किया गया। जबकि, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप में बढ़त देखने को मिली।

एचडीएफसी बैंक के मार्केट कैप में भारी-भरकम गिरावट 

इस दौरान, एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप सबसे ज्यादा 1,18,383.91 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 11,43,985.90 करोड़ रुपये रह गया। बैंक के शेयर में पिछले सप्ताह 9.40 प्रतिशत की भारी-भरकम गिरावट आई थी, जिसका कारण मार्जिन को लेकर बढ़ी चिंताएं रहीं। रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट वैल्यूएशन 65,429.82 करोड़ रुपये घटकर 17,29,661.44 करोड़ रुपये पर आ गई। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की वैल्यूएशन 26,814.94 करोड़ रुपये घटकर 9,36,953.84 करोड़ रुपये पर आ गई। 

बजाज फाइनेंस, एलआईसी जैसी कंपनियों को भी बड़ा नुकसान

इनके अलावा, बजाज फाइनेंस की वैल्यूएशन 26,802.74 करोड़ रुपये घटकर 6,30,471.54 करोड़ रुपये रह गई। एलआईसी का मार्केट कैप 15,116.74 करोड़ रुपये घटकर 5,33,007.56 करोड़ रुपये पर आ गया। आईसीआईसीआई बैंक की वैल्यूएशन 6,223.84 करोड़ रुपये घटकर 10,28,217.93 करोड़ रुपये रह गई। भारती एयरटेल का मार्केट कैप 6,021.64 करोड़ रुपये घटकर 11,85,046.13 करोड़ रुपये और टीसीएस की वैल्यूएशन 5,191.95 करोड़ रुपये घटकर 8,15,480.75 करोड़ रुपये रह गई। पिछले हफ्ते टीसीएस के मार्केट कैप में 72,072 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी देखी गई थी। लार्सन एंड टुब्रो के मार्केट कैप में भी 4,092.79 करोड़ की गिरावट दर्ज की गई और कंपनी की वैल्यूएशन 5,20,747.89 करोड़ रुपये रह गई। 

हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में साधारण बढ़ोतरी

वहीं दूसरी तरफ, हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में 152.73 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई और ये 5,03,928.59 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। 

ये भी पढ़ें

नेपाल ने भारतीय करेंसी पर लगाई पाबंदी हटाई, 200 और 500 रुपये के नोट लाने-ले जाने की दी अनुमति

Latest Business News