1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. इस हफ्ते कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल, कौन-सी बातें प्रभावित कर सकती हैं कारोबार

इस हफ्ते कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल, कौन-सी बातें प्रभावित कर सकती हैं कारोबार

जुलाई-सितंबर तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था उम्मीद से ज्यादा 8.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी है- जो 6 तिमाहियों में सबसे तेज रफ्तार है।

bse, nse, share market, stock market, sensex, nifty, nifty 50, share market outlook, stock market ou- India TV Hindi
Image Source : PTI जुलाई-सितंबर तिमाही में उम्मीद से भी बेहतर रही भारतीय अर्थव्यवस्था

Share Market Outlook: इस हफ्ते वृहद आर्थिक आंकड़ों की घोषणाओं, वैश्विक रुख, ब्याज दर पर भारतीय रिजर्व बैंक के फैसले और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों से शेयर बाजार की चाल तय होगी। शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अक्टूबर, 2025 के लिए औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) के आंकड़े 1 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, सोमवार को नवंबर के वाहन बिक्री के आंकड़े भी आएंगे, जो बाजार को दिशा देंगे। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, रिसर्च अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘इस हफ्ते बहुत सारे आंकड़े आएंगे, जो बाजार में उतार-चढ़ाव का कारण बनेंगे। घरेलू मोर्चे पर वाहन बिक्री के आंकड़े आएंगे। इसके बाद एचएसबीसी विनिर्माण और पीएमआई के आंकड़े आने हैं। सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम 5 दिसंबर को आरबीआई की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के नतीजे होंगे। आरबीआई की महंगाई, वृद्धि पर टिप्पणी काफी महत्वपूर्ण होगी।’’ 

जुलाई-सितंबर तिमाही में उम्मीद से भी बेहतर रही भारतीय अर्थव्यवस्था

जुलाई-सितंबर तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था उम्मीद से ज्यादा 8.2 प्रतिशत की दर से बढ़ी है- जो 6 तिमाहियों में सबसे तेज रफ्तार है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती से पहले उत्पादन में तेजी आने से उपभोग बढ़ा, जिससे अमेरिका के भारी शुल्क के असर को कम करने में मदद मिली। स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट लिमिटेड के प्रवेश गौड़ ने कहा, ‘‘शुक्रवार, 5 दिसंबर को आरबीआई का मौद्रिक फैसला बाजार के लिए काफी महत्वपूर्ण रहेगा। एक और अहम घरेलू संकेतक 1 दिसंबर को आने वाले वाहन बिक्री के आंकड़े हैं। ये आंकड़े त्योहारों के मौसम की मांग और बदलते ग्रामीण और शहरी उपभोग के रुख बारे में अहम जानकारी देंगे।’’ 

गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी 50 ने बनाया नया ऑल टाइम हाई

पिछले हफ्ते बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 474.75 अंक या 0.55 प्रतिशत चढ़ा, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 134.8 अंक या 0.51 प्रतिशत के लाभ में रहा। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 86,055.86 अंकों के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंचा था। निफ्टी ने भी अपने 26,310.45 अंक के सर्वकालिक उच्चस्तर को छुआ। ऑनलाइन ट्रेडिंग और संपदा प्रौद्योगिकी कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर. ने कहा कि बाजार के ऊंचे स्तर पर रहने के साथ आने वाला हफ्ता अहम होने वाला है, क्योंकि कई खास घरेलू और वैश्विक संकेतक ये तय करेंगे कि बाजार अपनी इस तेजी को कायम रख पाता है या नहीं।

Latest Business News