1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 1 शेयर पर 11 रुपये का डिविडेंड देने जा रही है ये कंपनी, लाभ उठाने का आज आखिरी मौका

1 शेयर पर 11 रुपये का डिविडेंड देने जा रही है ये कंपनी, लाभ उठाने का आज आखिरी मौका

आईसीआईसीआई बैंक अपने शेयरहोल्डरों को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 11 रुपये का डिविडेंड देने जा रहा है।

icici bank, icici bank share price, icici bank dividend, icici bank dividend record date, icici bank- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शेयरहोल्डरों को प्रत्येक शेयर पर मिलेगा 11 रुपये का डिविडेंड

Dividend Stock: प्राइवेट सेक्टर का दिग्गज बैंक ICICI Bank अपने शेयरहोल्डरों को डिविडेंड का तोहफा देने जा रहा है। आईसीआईसीआई बैंक ने वित्त वर्ष 2024 25 के लिए 11 रुपये के फाइनल डिविडेंड की घोषणा की थी, जिसकी रिकॉर्ड डेट 12 अगस्त, 2025 है। मंगलवार, 12 अगस्त को आईसीआईसीआई बैंक के शेयर एक्स डिविडेंड ट्रेड करेंगे। इसका सीधा मतलब ये हुआ कि मंगलवार को खरीदे जाने वाले नए शेयरों पर डिविडेंड का लाभ नहीं मिलेगा, अगर किसी निवेशक को आईसीआईसीआई बैंक के इस डिविडेंड का फायदा उठाना है तो उसके पास सिर्फ आज का ही दिन है।

30 अगस्त को होगा बैंक का 31वां AGM

सोमवार को बाजार बंद होने के बाद निवेशकों के पोर्टफोलियो में आईसीआईसीआई बैंक के जितने शेयर होंगे, उतने ही शेयरों पर उन्हें डिविडेंड मिलेगा। बताते चलें कि 19 अप्रैल को हुई बैंक की बोर्ड मीटिंग में 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 11 रुपये (550 प्रतिशत) के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की गई थी। आईसीआईसीआई बैंक का 31वां AGM इसी महीने 30 तारीख को होनी है, जहां डिविडेंड के भुगतान पर आखिरी फैसला लिया जाएगा।

सोमवार को आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लाल निशान में कर रहे कारोबार

सोमवार, 11 अगस्त को सुबह 11.04 बजे आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड के शेयर बीएसई पर 10.05 रुपये (0.70%) की गिरावट के साथ 1426.40 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। आज ट्रेडिंग के दौरान इस प्राइवेट बैंक के शेयर 1419.85 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 1431.95 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बताते चलें कि आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों का 52 वीक लो 1153.30 रुपये और 52 वीक हाई 1494.10 रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, इस प्राइवेट बैंक का मौजूदा मार्केट कैप 10,17,840.07 करोड़ रुपये है।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Latest Business News