वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान Gold ETF में 6 गुना ज्यादा निवेश दर्ज किया गया। खाड़ी देशों में भू-राजनीतिक तनाव के बीच जनवरी-मार्च तिमाही में गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में 31,561 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही की तुलना में लगभग 6 गुना ज्यादा है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के अनुसार, तिमाही आधार पर निवेश 36 प्रतिशत बढ़कर 23,132 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा, वित्त वर्ष के दौरान गोल्ड ईटीएफ का एसेट बेस और निवेशक खातों में भी जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस कैटेगरी में मार्च में 2,266 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया, जो फरवरी के 5,255 करोड़ रुपये और जनवरी के 24,040 करोड़ रुपये से कम है।
जनवरी-मार्च तिमाही में आया कुल 31,561 करोड़ रुपये का निवेश
आंकड़ों के अनुसार, जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कुल निवेश 31,561 करोड़ रुपये रहा, जो जनवरी-मार्च 2025 के 5,654 करोड़ रुपये से काफी ज्यादा है। क्रमिक रूप से प्रवाह की गति में हालांकि कुछ नरमी आई है लेकिन सोने के उत्पादों में निवेशकों की रुचि सकारात्मक बनी हुई है। मार्च में धीमे निवेश का कारण वित्त वर्ष की शुरुआत में मजबूत निवेश के बाद सामान्यीकरण और नए निवेश में कुछ कमी को माना जा रहा है। मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया की सीनियर एनालिस्ट नेहल मेश्राम ने कहा, '' जनवरी में असामान्य रूप से ज्यादा निवेश देखा गया। इसकी मुख्य वजह जोखिम से बचने की प्रवृत्ति, सेगमेंट रीबैलेंसिंग और सोने की कीमतों में तेजी रही। फिर भी मार्च में सकारात्मक प्रवाह ये दर्शाता है कि बाजार की अनिश्चितता और व्यापक आर्थिक उतार-चढ़ाव के बीच सोना विविधीकरण के साधन के रूप में निवेशकों को आकर्षित करता रहा है।''
3 गुना बढ़कर 1.71 लाख करोड़ रुपये हुआ 'गोल्ड फंड' का एयूएम
मजबूत निवेश प्रवाह से मार्च 2026 के अंत तक 'गोल्ड फंड' का एयूएम लगभग 3 गुना बढ़कर 1.71 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 58,888 करोड़ रुपये था। हाल के सालों में बेहतर 'रिटर्न' देने के कारण सोने में निवेशकों की रुचि बढ़ी है। घरेलू भौतिक सोने की कीमत पर नजर रखने के उद्देश्य से बनाए गए गोल्ड ईटीएफ भौतिक सोने का प्रतिनिधित्व करने वाली यूनिट्स होती हैं, जो कागजी या डीमैट रूप में हो सकती हैं। एक गोल्ड ईटीएफ यूनिट एक ग्राम सोने के बराबर होती है और 24 कैरेट शुद्धता वाले भौतिक सोने से समर्थित होती है।
Latest Business News