A
Hindi News पैसा बाजार Mutual Funds की इक्विटी स्कीम्स से निवेशकों को मोह भंग, अक्टूबर में 19% घटा निवेश, लगातार तीसरे महीने आई गिरावट

Mutual Funds की इक्विटी स्कीम्स से निवेशकों को मोह भंग, अक्टूबर में 19% घटा निवेश, लगातार तीसरे महीने आई गिरावट

इक्विटी म्यूचुअल फंड में शुद्ध निवेश सितंबर में 9 प्रतिशत घटकर 30,421 करोड़ रुपये रह गया था।

mutual funds, mutual fund, mutual fund sip, sip, equity mutual funds, mutual funds equity schemes, m- India TV Paisa Image Source : INDIA TV 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा ETF का AUM

म्यूचुअल फंड की इक्विटी स्कीम्स में शुद्ध निवेश अक्टूबर में लगभग 19 प्रतिशत घटकर 24,690 करोड़ रुपये रह गया। उद्योग निकाय एम्फी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। एम्फी ने कहा कि ये लगातार तीसरा महीना है, जब म्यूचुअल फंड की इक्विटी स्कीम्स में गिरावट दर्ज की गई है। खुदरा निवेशकों के पसंदीदा निवेश विकल्प व्यवस्थित निवेश योजनाओं (SIP) में कुल प्रवाह सितंबर के रिकॉर्ड 29,631 करोड़ रुपये की तुलना में 102 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 29,529 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स ऑफ इंडिया (AMFI) के आंकड़ों के मुताबिक, सोने की कीमतों में तेजी के बीच इस महीने गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में 7,743 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ। 

1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा ETF का AUM

ETF में कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (AUM) एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गईं। इक्विटी म्यूचुअल फंड में शुद्ध निवेश सितंबर में 9 प्रतिशत घटकर 30,421 करोड़ रुपये रह गया था। इससे पहले, ये अगस्त में 22 प्रतिशत घटकर 33,430 करोड़ रुपये रह गया था। एम्फी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) वी. एन. चलसानी ने मंगलवार को कहा कि बाजारों में तेजी के बीच मुनाफावसूली की वजह से ज्यादा निकासी हुई है। अक्टूबर में कुल निकासी 38,920 करोड़ रुपये रही, जबकि सितंबर में ये 35,982 करोड़ रुपये थी। इक्विटी स्कीम्स का एयूएम 31 अक्टूबर तक 35.16 लाख करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले महीने ये 33.68 लाख करोड़ रुपये था। 

लगातार 3 दिनों की गिरावट के बाद आज लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार

बताते चलें कि पिछले हफ्ते लगातार 3 दिनों की गिरावट के बाद आज बाजार ने लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ कारोबार बंद किया। मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 335.97 अंकों (0.40%) की बढ़त के साथ 83,871.32 अंकों पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 120.60 अंकों (0.47 प्रतिशत) की तेजी के साथ 25,694.95 अंकों पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान, बाजार काफी लंबे समय तक लाल निशान में कारोबार कर रहा था। हालांकि, एक बार लिवाली हावी होने के बाद बाजार लगातार रिकवरी मोड में कायम रहा। कल सोमवार को भी बाजार तेजी के साथ बंद हुआ था।

Latest Business News