1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Lenskart के प्रॉफिट में 19.8% की बंपर बढ़ोतरी, इसी महीने बाजार में लिस्ट हुई थी कंपनी

Lenskart के प्रॉफिट में 19.8% की बंपर बढ़ोतरी, इसी महीने बाजार में लिस्ट हुई थी कंपनी

लेंसकार्ट के आईपीओ को निवेशकों का शानदार समर्थन मिला था और इसे कुल 28.27 गुना सब्सक्राइब किया गया था।

Lenskart, Lenskart share price, Lenskart solutions, Lenskart ipo, Lenskart ipo date, Lenskart ipo sh- India TV Hindi
Image Source : LENSKART शानदार सब्सक्रिप्शन के बावजूद डिस्काउंट पर हुई थी शेयरों की लिस्टिंग

चश्मे बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस ने शनिवार को बताया कि 30 सितंबर, 2025 को खत्म हुई चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 19.8 प्रतिशत बढ़कर 103.4 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने एक साल पहले इसी अवधि में 86.3 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। लेंसकार्ट ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में परिचालन से एकीकृत आय में 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की। ये आंकड़ा सालाना आधार पर 1,735.68 करोड़ रुपये से बढ़कर 2096.14 करोड़ हो गया।

इसी महीने शेयर बाजार में लिस्ट हुई है कंपनी

बताते चलें कि लेंसकार्ट अभी हाल ही में भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट हुई है। लेंसकार्ट सॉल्यूशन्स का आईपीओ 31 अक्टूबर को खुला था और 4 नवंबर को बंद हुआ था। कंपनी ने अपने आईपीओ से 7278.02 करोड़ रुपये जुटाए थे। लेंसकार्ट ने अपने आईपीओ के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 382 रुपये से 402 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया था और 402 रुपये के रेट पर शेयरों का आवंटन किया था। कंपनी के आईपीओ में कुल 18,10,58,478 शेयर जारी किए गए थे, जिनमें 2150.38 करोड़ रुपये के 5,34,95,905 फ्रेश शेयर थे और 5127.64 करोड़ रुपये के 12,75,62,573 शेयर कंपनी के प्रोमोटरों ने ओएफएस के जरिए बेचे थे।

शानदार सब्सक्रिप्शन के बावजूद डिस्काउंट पर हुई थी शेयरों की लिस्टिंग

लेंसकार्ट के आईपीओ को निवेशकों का शानदार समर्थन मिला था और इसे कुल 28.27 गुना सब्सक्राइब किया गया था। भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई पर लेंसकार्ट की लिस्टिंग 10 नवंबर को हुई थी। हालांकि, कंपनी के शेयरों का लिस्टिंग प्राइस उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। बीएसई पर लेंसकार्ट के शेयर अपने इश्यू प्राइस ₹402 की तुलना में 3% की छूट के साथ ₹390 के भाव पर लिस्ट हुए थे, जबकि एनएसई पर ये इश्यू प्राइस से 1.74% की गिरावट के साथ ₹395 प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए थे। शुक्रवार, 28 नवंबर को लेंसकार्ट के शेयर बीएसई पर 3.50 रुपये (0.86%) की बढ़त लेकर 411.20 रुपये के भाव पर बंद हुए थे।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Latest Business News