1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बाजार में उठापटक: Reliance-TCS फिसले, लेकिन HDFC Bank, ITC और बजाज फाइनेंस ने दिलाया मुनाफा

बाजार में उठापटक: Reliance-TCS फिसले, लेकिन HDFC Bank, ITC और बजाज फाइनेंस ने दिलाया मुनाफा

बाजार में गिरावट के बीच Airtel, HDFC Bank, ITC और Bajaj Finance की हैसियत बढ़ गई।

Share Market - India TV Hindi
Image Source : FILE बाजार में उठापटक

शेयर बाजार में पिछले हफ्ते काफी उठापटक रही, जिससे निवेशकों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 609.51 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 166.65 अंक लुढ़ककर बंद हुआ। बाजार में कमजोरी के रुख के चलते सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से छह कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में सामूहिक रूप से 78,166.08 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे अधिक नुकसान हुआ। इसके अलावा टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में भी गिरावट देखने को मिली, जिससे इन कंपनियों में निवेश करने वाले शेयरधारकों को नुकसान हुआ।

हालांकि, गिरावट के इस दौर में भी कुछ कंपनियों ने मजबूती दिखाई। एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और आईटीसी ने अपने निवेशकों को मुनाफा कमाने का मौका दिया।

रिलायंस का मार्केट कैप 40,800 करोड़ घटा

पिछले सप्ताह बाजार में दबाव के चलते कई प्रमुख कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 40,800.4 करोड़ रुपये घटकर 19,30,339.56 करोड़ रुपये रह गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की बाजार हैसियत 17,710.54 करोड़ रुपये घटकर 12,71,395.95 करोड़ रुपये पर आ गई।

इन्फोसिस का मूल्यांकन 10,488.58 करोड़ रुपये घटकर 6,49,876.91 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि हिंदुस्तान यूनिलीवर को 5,462.8 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और उसका पूंजीकरण घटकर 5,53,974.88 करोड़ रुपये रह गया। आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 2,454.31 करोड़ रुपये गिरकर 10,33,868.01 करोड़ रुपये पर पहुंचा। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाजार हैसियत 1,249.45 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 7,05,446.59 करोड़ रुपये हो गई।

एयरटेल का मार्केट कैप बढ़ा 

बीते सप्ताह शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद कुछ दिग्गज कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी देखने को मिली। भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 10,121.24 करोड़ रुपये बढ़कर 10,44,682.72 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, बजाज फाइनेंस की मार्केट हैसियत 4,548.87 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 5,74,207.54 करोड़ रुपये रही। आईटीसी के बाजार पूंजीकरण में 875.99 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ, जिससे उसका कुल मूल्यांकन 5,45,991.05 करोड़ रुपये हो गया। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन भी 399.93 करोड़ रुपये बढ़कर 14,80,723.47 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

देश की शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बरकरार रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी का स्थान रहा।

Latest Business News