1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. इस सरकारी कंपनी ने केंद्र को दिया ₹3248 करोड़ का डिविडेंड, बीते वित्त वर्ष के लिए ₹8000 के पार पहुंचा कुल डिविडेंड

इस सरकारी कंपनी ने केंद्र को दिया ₹3248 करोड़ का डिविडेंड, बीते वित्त वर्ष के लिए ₹8000 के पार पहुंचा कुल डिविडेंड

एनटीपीसी ने बयान में कहा कि 3248 करोड़ रुपये की ये राशि नवंबर 2024 में 2424 करोड़ रुपये के पहले अंतरिम डिविडेंड और फरवरी 2025 में दिए गए 2424 करोड़ रुपये के दूसरे अंतरिम डिविडेंड से अलग है।

ntpc, ntpc dividend, ntpc share price, ntpc share, ntpc stock price, national thermal power corporat- India TV Hindi
Image Source : NTPC वित्त वर्ष 2024-25 में एनटीपीसी ने सरकार को दिया कुल 8096 करोड़ रुपये का डिविडेंड

पब्लिक सेक्टर की थर्मल पावर कंपनी NTPC ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्र सरकार के बिजली मंत्रालय को फाइनल डिविडेंड के रूप में 3248 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। ये डिविडेंड वित्त वर्ष 2024-25 के लिए दिया गया है। एनटीपीसी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गुरदीप सिंह ने बोर्ड के साथ 25 सितंबर को बिजली सचिव पंकज अग्रवाल की उपस्थिति में बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर को फाइनल डिविडेंड के लिए 3248 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। 

वित्त वर्ष 2024-25 में एनटीपीसी ने सरकार को दिया कुल 8096 करोड़ रुपये का डिविडेंड

एनटीपीसी ने बयान में कहा कि 3248 करोड़ रुपये की ये राशि नवंबर 2024 में 2424 करोड़ रुपये के पहले अंतरिम डिविडेंड और फरवरी 2025 में दिए गए 2424 करोड़ रुपये के दूसरे अंतरिम डिविडेंड से अलग है। इस तरह, एनटीपीसी द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सरकार को भुगतान किया गया कुल डिविडेंड 8096 करोड़ रुपये है, जो 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 8.35 रुपये बैठता है। ये लगातार 32वां साल है, जब एनटीपीसी लिमिटेड ने डिविडेंड का भुगतान किया। बीएसई के मुताबिक, सरकारी थर्मल पावर कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 3,27,650.35 करोड़ रुपये है।

शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे सरकारी कंपनी के शेयर 

शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच एनटीपीसी के शेयरों में भी नुकसान देखने को मिला था। शुक्रवार को बीएसई पर एनटीपीसी के शेयर 2.60 रुपये (0.76%) की गिरावट के साथ 337.90 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। कल, कारोबार के दौरान सरकारी कंपनी के शेयर 336.50 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 340.65 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बताते चलें कि एनटीपीसी के शेयर अभी अपने 52 वीक हाई से काफी नीचे कारोबार कर रहे हैं। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का 52 वीक हाई 448.30 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 292.70 रुपये है।

Latest Business News