1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. पीएम मोदी के फैसलों से पाकिस्तान स्टॉक मार्केट में हाहाकार, KSE-100 इंडेक्स में 2% से ज्यादा की गिरावट

पीएम मोदी के फैसलों से पाकिस्तान स्टॉक मार्केट में हाहाकार, KSE-100 इंडेक्स में 2% से ज्यादा की गिरावट

पाकिस्तान शेयर बाजार निवेशकों पर पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर देखने को मिल रहा है।

pakistan, pakistan share market, pakistan stock market, pakistan stock exchange, psx, kse 100, kse 1- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बाजार खुलते ही निवेशकों ने शुरू की अंधाधुंध बिकवाली

कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को घाटी में आतंकियों ने सैलानियों पर धर्म पूछकर गोलियां चलाई थीं, जिसमें 28 लोगों की मौत हो गई थी। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों के इस हमले के बाद भारत सरकार ने कई बड़े ऐलान किए, जिसके बाद आज पाकिस्तानी शेयर बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज (PSX) में भारी गिरावट दर्ज की गई। पाकिस्तान का KSE-100 इंडेक्स आज शुरुआती कारोबार में 2.12 प्रतिशत (2485.85 अंक) की गिरावट के साथ 1,14,740.29 अंकों पर आ गया।

बाजार खुलते ही निवेशकों ने शुरू की अंधाधुंध बिकवाली

पाकिस्तान शेयर बाजार निवेशकों पर पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को बाजार खुलते ही निवेशकों ने अंधाधुंध बिकवाली शुरू कर दी, जिससे बाजार में हाहाकार मच गया। बताते चलें कि कश्मीर में आतंकी हमले के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त फैसलों की घोषणा की, जिसमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, वाघा-अटारी बॉर्डर को बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क के तहत वीजा छूट रद्द करना शामिल है। बताते चलें कि सिंधु नदी का पानी, पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के लिए काफी अहम है और पड़ोसी देश काफी हद तक इसी के पानी पर निर्भर है।

भारतीय शेयर बाजार में मामूली गिरावट 

वहीं दूसरी ओर, भारतीय शेयर बाजार पर इन पूरी कार्यवाहियों का कुछ खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। गुरुवार को दोपहर 1.40 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 0.36% (285.31 अंक) की गिरावट के साथ 79,831.18 अंकों पर और एनएसई निफ्टी 50 0.33% (80.55 अंक) के नुकसान के साथ 24,248.40 अंकों पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स ने आज 58.06 अंकों के नुकसान के साथ 80,058.43 अंकों पर और निफ्टी 50 51.05 अंकों की गिरावट के साथ 24,277.90 अंकों पर कारोबार शुरू किया था।

Latest Business News