A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. PNB Housing Finance को बड़ा झटका, टॉप लेवल इस्तीफे के बाद शेयर करीब 16% टूटे, लगा लोअर सर्किट

PNB Housing Finance को बड़ा झटका, टॉप लेवल इस्तीफे के बाद शेयर करीब 16% टूटे, लगा लोअर सर्किट

बीएसई और एनएसई दोनों ही एक्सचेंजों पर सिर्फ बिकवाली के ऑर्डर देखे गए, खरीदारी पूरी तरह से गायब रही। कंपनी के एमडी और सीईओ गिरीश कौसगी 28 अक्टूबर 2025 से अपने पद से इस्तीफा देंगे।

शेयर बाजार में दिन की शुरुआत में ही स्टॉक 10% गिरावट के साथ खुला था।- India TV Hindi
Image Source : OFFICIAL WEBSITE शेयर बाजार में दिन की शुरुआत में ही स्टॉक 10% गिरावट के साथ खुला था।

पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के शेयर में शुक्रवार की सुबह भारी गिरावट देखी गई। बीएसई पर कंपनी का शेयर 15.81 प्रतिशत टूट गया और इस पर लोअर सर्किट लग गया। बीएसई पर तब कंपनी का भाव 838 रुपये के आस-पास था। कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीई) गिरीश कौसगी के कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा देने के बाद कंपनी के शेयर को तगड़ा झटका लगा है। शेयर बाजार में दिन की शुरुआत में ही स्टॉक 10% गिरावट के साथ खुला था, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक रहा कि जल्दी ही यह करीब 16% की गिरावट के साथ लोअर सर्किट पर जा पहुंचा।

गिरीश कौसगी का इस्तीफा

लाइवमिंट की खबर के मुताबिक, गिरीश कौसगी 28 अक्टूबर 2025 से अपने पद से इस्तीफा देंगे। उन्होंने अक्टूबर 2022 में चार साल के कार्यकाल के लिए कंपनी जॉइन की थी। कंपनी ने बयान में कहा कि गिरीश कौसगी के नेतृत्व में बनाई गई मजबूत नींव के आधार पर हमारी रणनीतिक प्राथमिकताएं, व्यापारिक फोकस और विकास की दिशा पूरी तरह से कायम हैं। बोर्ड ने यह भी कहा कि कि जैसा कि पहले भी किया गया है, हम जल्द ही उद्योग अनुभव और विशेषज्ञता वाले एक नए प्रोफेशनल की तलाश शुरू करेंगे, ताकि विकास, एसेट क्वालिटी और मार्जिन से जुड़े लक्ष्यों को आगे बढ़ाया जा सके। आपको बता दें, कौसगी के कार्यकाल के दौरान PNB हाउसिंग के शेयर में 200% से अधिक की तेजी देखी गई थी।

Q1 नतीजे मजबूत लेकिन...

कंपनी ने हाल ही में 21 जुलाई 2025 को वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (Q1 FY26) के नतीजे जारी किए थे। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी का नेट प्रॉफिट 23% बढ़कर ₹534 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹433 करोड़ था। हालांकि नतीजे अच्छे रहे, लेकिन टॉप लेवल पर बदलाव की खबर ने निवेशकों का भरोसा कमजोर कर दिया और भारी बिकवाली देखी गई। पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने एक नियामकीय फाइलिंग में कहा कि तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के ₹1,832 करोड़ से बढ़कर ₹2,082 करोड़ हो गई।

 

Latest Business News