लंबे समय बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी आने से बीते हफ्ते निवेशकों की बंपर कमाई हुई। दरअसल, पिछले हफ्ते सेंसेक्स की शीर्ष 10 में पांच कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में 95,337.95 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इनमें सबसे अधिक लाभ में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 70,023.18 करोड़ रुपये बढ़कर 16,50,677.12 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे निवेशकों की अच्छी कमाई हुई। आपको बता दें कि बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 319.87 अंक या 0.52 प्रतिशत के लाभ में रहा।
इन 5 कंपनियों के शेयरों में रही तेजी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अलावा आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, आईटीसी और भारती एयरटेल के बाजार मूल्यांकन में भी बढ़ोतरी हुई। वहीं दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई। आईटीसी की बाजार हैसियत 14,834.74 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,75,767.12 करोड़ रुपये रही। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 6,034.51 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी से 6,01,920.14 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल का 3,288.43 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 4,32,763.25 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी की बाजार हैसियत 1,157.09 करोड़ रुपये बढ़कर 4,92,237.09 करोड़ रुपये रही।
एसबीआई और इन्फोसिस ने कराया नुकसान
वहीं दूसरी ओर एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 19,678.77 करोड़ रुपये घटकर 4,73,807.64 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्यांकन में 14,825.92 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 5,90,933.95 करोड़ रुपये पर आ गया। टीसीएस की बाजार हैसियत 13,099.41 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 12,80,539.91 करोड़ रुपये रह गई। इन्फोसिस का बाजार मूल्यांकन 10,309.8 करोड़ रुपये घटकर 6,66,328.56 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी बैंक के बाजार मूल्यांकन में 14.3 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 9,23,919.15 करोड़ रुपये रह गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम
शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईटीसी, एसबीआई और भारती एयरटेल का स्थान रहा।
Latest Business News