1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार तेज उछाल के साथ बंद, सेंसेक्स 410 अंक चढ़ा, निफ्टी भी 24,715 पर बंद, ये स्टॉक्स बढ़े

शेयर बाजार तेज उछाल के साथ बंद, सेंसेक्स 410 अंक चढ़ा, निफ्टी भी 24,715 पर बंद, ये स्टॉक्स बढ़े

शेयर बाजार में दिन की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी, लेकिन बाद में बाजार में खरीदारी का रुझान बढ़ा, जिससे दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।

कारोबार में बाजार में कुल 2,415 शेयरों में तेजी रही।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कारोबार में बाजार में कुल 2,415 शेयरों में तेजी रही।

अमेरिकी टैरिफ के साए के बावजूद बुधवार को घरेलू शेयर बाजार कारोबार के आखिर में तेजी के साथ बंद हुआ। 3 सितंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 409.83 अंकों की बढ़त के साथ 80,567.71 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 135.45 अंक की बढ़त के साथ 24,715.05 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में बाजार में कुल 2,415 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,333 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, 116 शेयरों के भाव बिना किसी बदलाव के बंद हुए। बाजार में खरीदारी का रुझान देखने को मिला।

टाटा स्टील में सबसे ज्यादा तेजी

सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील ने सबसे अधिक 5.90% की बढ़त दर्ज की। इसके अलावा टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईटीसी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, ट्रेंट और ईटरनल भी प्रमुख लाभकारी शेयरों में शामिल रहे। वहीं, इन्फोसिस, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टीसीएस, अदाणी पोर्ट्स और भारती एयरटेल जैसे शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

जानकारों की राय में बाजार

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि निकट भविष्य में बाजार की दिशा काफी हद तक जीएसटी काउंसिल की बैठक के नतीजों पर निर्भर करेगी, खासकर खपत आधारित क्षेत्रों में निवेशकों की नजर बनी हुई है।

दिल्ली में दो दिवसीय जीएसटी काउंसिल की बैठक चल रही है, जिसमें टैक्स स्लैब को 5% और 18% तक सीमित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की जा रही है। इस संभावित बदलाव से खपत आधारित क्षेत्रों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बना है।

डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे मजबूत हुआ

बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और कमजोर अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के चलते रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 9 पैसे की तेजी के साथ 88.06 (अनंतिम) पर बंद हुआ। इससे पहले रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन दिन के अंत तक उसमें आंशिक सुधार देखने को मिला। फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार शुल्क को लेकर जारी तनाव और विदेशी पूंजी निकासी के चलते रुपया अब भी अपने रिकॉर्ड निचले स्तरों के आसपास बना हुआ है। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 88.15 पर खुला था। दिन के कारोबार में यह 88.19 के निचले स्तर और 87.98 के उच्च स्तर तक पहुंचा।

Latest Business News