1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Sensex सिर्फ छह ट्रेडिंग सेशन में 5,900 अंक उछला, आखिर क्यों? समझें इसके पीछे की ये 5 वजह

Sensex सिर्फ छह ट्रेडिंग सेशन में 5,900 अंक उछला, आखिर क्यों? समझें इसके पीछे की ये 5 वजह

घरेलू बैंकों के बेहतर नतीजे, कच्चे तेल में गिरावट और तकनीकी मजबूती से भारतीय बाजार को सहारा को मिला है। इससे तेजी लौटी है।

Share Market Jumps - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शेयर बाजार में उछाल

भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी जारी है। पिछले छह ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स 5,977.19 अंक उछला है। आज लगातार छठे दिन बाजार में अच्छी तेजी है। आपको बता दें कि 9 अप्रैल को सेंसेक्स 73,847.15 अंक पर बंद हुआ था। उसके बाद छह ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स में तेजी जारी है। आज सेंसेक्स ने 79,824.30 का हाई लगाया है। इस तरह सेंसेक्स ने करीब 6000 अंकों की एकतरफा रैली आई है। आखिर, ऐसा क्या हो गया है कि बाजार में इस तरह की शानदार तेजी लौटी है। आइए समझते हैं। 

इन 5 वजहों से भारतीय बाजार में रैली 

1. भारत-अमेरिका ट्रेड डील की उम्मीद

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट के बाद तेजी की शुरुआत ट्रंप द्वारा 90 दिनों के लिए टैरिफ रोक की घोषणा से हुई थी। इसके बाद भारतीय अधिकारियों की अमेरिका यात्रा और अमेरिकी उपराष्ट्रपति की भारत यात्रा की घोषणा से ट्रेड डील की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। इसके चलते बाजार में तेजी का दौर जारी है। 

2. भारत-चीन ट्रेड डील को लेकर चर्चाएं

दुनिया के 10 सबसे व्यस्त व्यापार मार्गों में अमेरिका की हिस्सेदारी 8 में, चीन की 5 में और भारत की केवल 1 रूट में है।
ऐसे में भारत सरकार अब चीन से संभावित ट्रेड डील के लिए बातचीत कर रही है। चीन भी अमेरिका के टैरिफ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए भारत जैसे बाजारों की ओर देख रहा है। इसका भी फायदा स्टॉक मार्केट को हुआ है। 

3. अर्थव्यवस्था में तेजी लौटने की उम्मीद 

व्यापारिक बदलावों और कारोबारियों के सुझावों के बाद बाजार को उम्मीद है कि मोदी 3.0 में अगला दौर आर्थिक सुधारों का हो सकता है। इससे देश की आर्थिक रफ्तार तेज होगी। यही उम्मीद शेयर बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह बन रही है।

4. विदेशी निवेशकों की वापसी 

बड़ी बिकवाली के बाद एक बार फिर विदेशी निवेशक लौटे हैं। इससे बाजार का मूड बेहतर हुआ है। घरेलू और विदेशी निवेशकों की ओर से खरीदारी लौटने से बाजार में तेजी लौटी है। 

5. बेहतर मानसून का अनुमान

IMD ने सामान्य से बेहतर मानसून की भविष्यवाणी की है, जिससे ग्रामीण आय में वृद्धि और महंगाई में नियंत्रण की संभावना है। बाजार को इससे बेहतर GDP और कॉर्पोरेट नतीजों की उम्मीद है, जो चालू तेजी का एक अहम कारण हो सकता है।

 

 

Latest Business News