A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. ​पिछले सप्ताह सेंसेक्स 742 अंक लुढ़का, सोमवार से लौटेगी तेजी या जारी रहेगी गिरावट? जानें

​पिछले सप्ताह सेंसेक्स 742 अंक लुढ़का, सोमवार से लौटेगी तेजी या जारी रहेगी गिरावट? जानें

एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को जून, 2025 तिमाही के लिए अपने एकीकृत शुद्ध लाभ में 1.31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है। बैंक का शुद्ध लाभ घटकर 16,258 करोड़ रुपये रह गया है।

Share Market - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV शेयर बाजार

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 742.74 अंक टूटा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 181.45 अंक लुढ़का। ऐसे में सोमवार से शुरू हो रहे नए हफ्ते में शेयर बाजार में गिरावट जारी रहेगी या लौटेगी तेजी? अगर आप शेयर बाजार निवेशक हैं तो इस सवाल का जवाब जरूर ढूंढ रहे होंगे। मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि अगले सप्ताह शेयर बाजारों की दिशा इन्फोसिस और बजाज फाइनेंस जैसी बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों, भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता से जुड़े घटनाक्रमों तथा वैश्विक रुझानों से तय होगी। शेयर बाजार सोमवार को तीन दिग्गज कंपनियों - रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के तिमाही नतीजों पर प्रतिक्रिया दे सकता है। कंपनियों के मजबूत नतीजे के दम पर बाजार में तेजी लौट सकती है। हालांकि, बाजार की चाल स्टॉक स्पेसिफिक रहने का अनुमान है। 

रिलायंस ने दर्ज किया रिकॉर्ड मुनाफा

देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को जून तिमाही के लिए 26,994 करोड़ रुपये का अपना अबतक का सबसे अधिक तिमाही लाभ दर्ज किया है। यह एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 78.3 प्रतिशत का उछाल है। रेलिगेयर ब्रोकिंग लि.के वरिष्ठ उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा कि सभी की निगाहें चालू तिमाही नतीजों के सत्र पर टिकी हैं। निवेशक सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान सबसे पहले तीन दिग्गज कंपनियों - रिलायंस, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक - के नतीजों पर प्रतिक्रिया देंगे। इसके बाद के सत्रों में, इन्फोसिस, डॉ.रेड्डीज लैबोरेटरीज, बजाज फाइनेंस, नेस्ले इंडिया सहित कई बड़ी कंपनियां अपने तिमाही नतीजों की घोषणा करेंगी। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर, बाजार भागीदार व्यापार समझौतों से जुड़े घटनाक्रमों पर नजर रखेंगे। इनसे विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के प्रवाह और मुद्रा की चाल को दिशा मिलेगी।

एचडीएफसी का लाभ घटा 

इस बीच, एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को जून, 2025 तिमाही के लिए अपने एकीकृत शुद्ध लाभ में 1.31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है। बैंक का शुद्ध लाभ घटकर 16,258 करोड़ रुपये रह गया है। आईसीआईसीआई बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 15.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 13,558 करोड़ रुपये रहा है। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक प्रवेश गौड़ ने कहा कि जैसे ही हम एक नए सप्ताह में प्रवेश कर रहे हैं, बाजार विभिन्न घरेलू और वैश्विक व्यापक आर्थिक संकेतकों का इंतजार कर रहा है। घरेलू मोर्चे पर, निवेशक इटर्नल, अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, नेस्ले जैसी प्रमुख कंपनियों के पहली तिमाही की नतीजों पर कड़ी नजर रखेंगे।

अमेरिका से ट्रेड डील पर निवेशकों की नजर 

भारत और अमेरिका के वार्ताकारों ने 17 जुलाई को वाशिंगटन में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर पांचवें दौर की वार्ता सफलतापूर्वक पूरी की। यह वार्ता 14 से 17 जुलाई तक चार दिनों तक चली। दोनों देशों के बीच ये बातचीत इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि वे एक अगस्त से पहले एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। गौरतलब है कि अमेरिका द्वारा लगाए गए जवाबी शुल्क पर रोक की मियाद एक अगस्त को समाप्त हो रही है।

कच्चे तेल की कीमतों पर भी नजर 

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के शोध प्रमुख- संपदा प्रबंधन सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि एक अगस्त की शुल्क की समयसीमा से पहले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए लंबे समय से चल रहे इंतजार की वजह से निवेशक बाजार से दूरी बनाए हुए हैं। इसके अलावा निवेशक विदेशी संस्थागत निवेशकों की गतिविधियों और कच्चे तेल की कीमतों के उतार-चढ़ाव पर भी नजर रखेंगे। 

Latest Business News