IT Stocks में शानदार तेजी, सेंसेक्स 319 और निफ्टी 82 अंकों की बढ़त के साथ बंद, टाटा के शेयर में भयावह गिरावट
आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स 83,754.49 अंकों के इंट्राडे हाई तक पहुंचा था, जबकि निफ्टी भी एक समय 25,653.45 अंकों के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया था।

Share Market Closing 10 November, 2025: सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने ठीक-ठाक बढ़त के साथ कारोबार बंद किया। हफ्ते के पहले दिन आईटी स्टॉक्स में अच्छी तेजी देखने को मिली, जिसके दम पर आज बीएसई सेंसेक्स 319.07 अंकों (0.38%) की बढ़त के साथ 83,535.35 अंकों पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 82.05 अंकों (0.32 प्रतिशत) की तेजी के साथ 25,574.35 अंकों पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स 83,754.49 अंकों के इंट्राडे हाई तक पहुंचा था, जबकि निफ्टी भी एक समय 25,653.45 अंकों के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया था। बताते चलें कि पिछले हफ्ते बाजार ने नुकसान के साथ कारोबार बंद किया था।
टाटा ग्रुप के शेयर में भयावह गिरावट
सोमवार को सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयर ही बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 12 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह, निफ्टी 50 की 50 में से 32 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 18 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में बंद हुए। आज सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल इंफोसिस के शेयर सबसे ज्यादा 2.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। जबकि ट्रेंट के शेयर आज सबसे ज्यादा 7.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
एचसीएल, बजाज फाइनेंस समेत इन स्टॉक्स में तेजी
सेंसेक्स की बाकी कंपनियों में आज एचसीएल टेक के शेयर 2.00 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.63 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.28 प्रतिशत, टाटा मोटर्स पैसेंजर कार 1.20 प्रतिशत, टीसीएस 1.19 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.91 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 0.84 प्रतिशत, टाइटन 0.80 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.79 प्रतिशत, एलएंडटी 0.74 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.71 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.66 प्रतिशत, बीईएल 0.60 प्रतिशत, आईटीसी 0.57 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.28 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 0.13 प्रतिशत और टाटा स्टील के शेयर 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
इन शेयरों ने कराया नुकसान
वहीं दूसरी ओर, आज एटरनल के शेयरों ने 1.52 प्रतिशत, पावरग्रिड 1.40 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.85 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.72 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक 0.62 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.54 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.33 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.23 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.04 प्रतिशत, सन फार्मा 0.04 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों ने 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार बंद किया।