1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार ने फ्लैट रहते हुए समेटा कारोबार, सेंसेक्स लाल निशान और निफ्टी हरे निशान में बंद

शेयर बाजार ने फ्लैट रहते हुए समेटा कारोबार, सेंसेक्स लाल निशान और निफ्टी हरे निशान में बंद

आज बीएसई सेंसेक्स 7.51 अंकों (0.01%) की मामूली गिरावट के साथ 74,332.58 अंकों पर बंद हुआ। जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 7.80 अंकों (0.03%) की मामूली बढ़त लेकर 22,552.50 अंकों पर बंद हुआ।

bse, nse, nifty 50, nifty, sensex, share market, stock market, reliance industries, tata motors, nes- India TV Hindi
Image Source : PTI आज रिलायंस के शेयरों में दर्ज की गई जोरदार तेजी

Share Market Closing 7th March, 2025: हफ्ते के आखिरी दिन भारतीय शेयर बाजार ने सपाट शुरुआत की। शुक्रवार को कारोबार शुरू होने के बाद बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इस दौरान बाजार कई बार हरे से लाल और लाल से हरे निशान में पहुंचा। हालांकि, ज्यादा समय तक हरे निशान में रहने के बावजूद भारतीय बाजार लाल निशान में आकर सपाट बंद हुआ। आज बीएसई सेंसेक्स 7.51 अंकों (0.01%) की मामूली गिरावट के साथ 74,332.58 अंकों पर बंद हुआ। जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 7.80 अंकों (0.03%) की मामूली बढ़त लेकर 22,552.50 अंकों पर बंद हुआ। बताते चलें कि बुधवार के बाद गुरुवार को भी बाजार ने अच्छी बढ़त के साथ कारोबार बंद किया था। इन दो दिनों की रिकवरी में सेंसेक्स में 1350.16 अंक और निफ्टी 50 में 462.05 अंकों का उछाल दर्ज किया गया है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जबरदस्त तेजी

शुक्रवार को सेंसेक्स की 30 में से 13 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और 17 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में बंद हुए। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 50 की 50 में से 20 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की 30 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसका सीधा मतलब ये हुआ कि आज बाजार में बढ़त के मुकाबले गिरावट हावी रही। आज सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा 3.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए जबकि जोमैटो के शेयर सबसे ज्यादा 3.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

टाटा मोटर्स, टाटा स्टील हरे निशान में तो टीसीएस, टाइटन लाल निशान में हुए बंद

इनके अलावा आज सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल नेस्ले इंडिया के शेयर 1.62 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 1.36 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.81 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.80 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.77 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.67 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.49 प्रतिशत, टीसीएस 0.32 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.28 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.12 प्रतिशत, एसबीआई 0.11 प्रतिशत और एशियन पेंट्स के शेयर 0.09 प्रतिशत की बढ़ते लेकर बंद हुए। वहीं दूसरी ओर इंडसइंड बैंक के शेयर 3.53 प्रतिशत, एनटीपीसी 2.49 प्रतिशत, इंफोसिस 1.60 प्रतिशत, एचसीएल टेक 1.55 प्रतिशत, टाइटन 1.28 प्रतिशत, पावरग्रिड 1.24 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। इनके साथ ही टेक महिंद्रा, आईटीसी, लार्सन एंड टुब्रो, सनफार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर भी नुकसान के साथ बंद हुए।

Latest Business News