भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को रेपो रेट को 0.5 प्रतिशत घटाकर 6.00 प्रतिशत से 5.50 प्रतिशत कर दिया। आरबीआई ने महंगाई को कंट्रोल में देखते हुए और अर्थव्यस्था को गति देने के लिए ये बड़ा फैसला किया। आरबीआई का ये फैसला आते ही भारतीय शेयर बाजार में जोरदार उछाल आना शुरू हो गया। आज सुबह 11.54 बजे बीएसई सेंसेक्स 783.04 अंकों (0.96%) की जोरदार तेजी के साथ 82,225.08 अंकों पर कारोबार कर रहा था। वहीं दूसरी तरफ, निफ्टी 50 भी 267.50 अंकों (1.08%) की बड़ी बढ़त के साथ 25,018.40 अंकों पर ट्रेड कर रहा था। आरबीआई के फैसले के बाद डीएलएफ, गोदरेज प्रॉपर्टी, ओबरॉय रियल्टी, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तूफानी बढ़त देखने को मिल रही है।
किस सेक्टर के शेयरों पर दिख रहा है सबसे ज्यादा असर
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट घटाए जाने से खासतौर पर रियल एस्टेट, बैंक और ऑटो कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। वहीं चालू वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई दर के अनुमान को 4.0 प्रतिशत से घटाकर 3.7 कर दिया गया है। यानी, रिजर्व बैंक को लगता है कि चालू वित्त वर्ष में खुदरा महंगाई में अभी और गिरावट आएगी, जिससे करोड़ों आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मीटिंग के फैसलों का ऐलान करते हुए कहा कि भारत के शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) में गिरावट के बावजूद भारत निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बना हुआ है।
आज बाजार ने कैसे शुरू किया था कारोबार
बताते चलें कि आज बाजार ने लाल निशान में फ्लैट शुरुआत की थी। हफ्ते के आखिरी दिन सेंसेक्स 7.8 अंकों की गिरावट के साथ 81,434.24 अंकों पर और निफ्टी ने 2.2 अंकों के नुकसान के साथ 24,748.70 अंकों पर कारोबार की शुरुआत की थी। लेकिन बाजार खुलने के बाद गिरावट बढ़ती चली गई। एक समय पर सेंसेक्स गिरते-गिरते 81,140.11 अंकों पर आ गा था। इसी तरह, निफ्टी 50 भी आज 24,671.45 अंकों के इंट्राडे लो पर पहुंच गया था। हालांकि, संजय मल्होत्रा की घोषणाओं के बाद बाजार ने रफ्तार पकड़ ली और अभी अच्छी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
Latest Business News