1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market Outlook: मिडल-ईस्ट में तेजी से बिगड़ रहा माहौल, एक्सपर्ट से जानें कैसी रहेगी बाजार की चाल

Share Market Outlook: मिडल-ईस्ट में तेजी से बिगड़ रहा माहौल, एक्सपर्ट से जानें कैसी रहेगी बाजार की चाल

दिग्गज मार्केट एक्सपर्ट संदीप जैन ने कहा कि मिडल-ईस्ट में बढ़ते तनाव की वजह से घरेलू बाजार में अगले 3 से 4 दिनों तक गिरावट देखने को मिल सकती है।

Share Market Outlook, Stock Market Outlook, israel-iran war impact on indian share market, bse, nse,- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK निफ्टी में आ सकती है 600 अंकों तक की गिरावट

Share Market Outlook: शनिवार को ईरान पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले के बाद से पूरे मिडल-ईस्ट में तेजी से माहौल खराब हो रहा है। 3 देशों की लड़ाई में ईरान ने मिडल-ईस्ट के और भी कई देशों को घसीट लिया है। मिडल-ईस्ट में बढ़ते तनाव से भारत समेत दुनियाभर के बाजारों पर गहरा असर पड़ने की आशंका है। दिग्गज मार्केट एक्सपर्ट संदीप जैन ने ईरान के खिलाफ इजरायल और अमेरिका की इस जंग से भारतीय बाजार पर पड़ने वाले असर के बारे में कुछ अहम बातें बताईं। संदीप जैन ने कहा कि सोमवार को बाजार में एक बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी, ये तय है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि घरेलू शेयर बाजार की चाल खासतौर पर इस बात पर निर्भर करेगी कि मिडल-ईस्ट में कब-तक हालात बिगड़े रहते हैं। उन्होंने इस पूरे तनाव की अवधि को मुख्य कारक बताया है।

निफ्टी में आ सकती है 600 अंकों तक की गिरावट

संदीप जैन ने कहा कि निफ्टी 50 में निकट भविष्य में 500-600 अंकों तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मिडल-ईस्ट में बढ़ते तनाव की वजह से घरेलू बाजार में अगले 3 से 4 दिनों तक गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। गिरावट के बीच निफ्टी 50 को 24,500 के लेवल के आसपास सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। मार्केट एक्सपर्ट ने बताया कि घरेलू शेयर बाजार में AI के चलते पहले ही काफी करेक्शन हो चुका है। ऐसे में, अब बाजार में बहुत बड़े करेक्शन की संभावना नहीं है।

इन सेक्टर के स्टॉक्स पर बुरा असर पड़ने की संभावना

संदीप जैन का कहना है कि मिडल-ईस्ट में बिगड़ते माहौल की वजह से डिफेंस स्टॉक्स के अलावा एयरलाइन स्टॉक्स एक्शन में रहेंगे। इसके अलावा, उन्होंने ऑयल स्टॉक्स, पेंट स्टॉक्स और टायर स्टॉक्स पर भी बुरा असर पड़ने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में घरेलू मु्द्रा भी कमजोर पड़ सकती है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि मिडल-ईस्ट में शांति लौटते ही बाजार में एक बड़ा बाउंस-बैक देखने को मिलेगा और काफी हद तक नुकसान की भरपाई भी हो जाएगी।

एक हफ्ते में 1.25 प्रतिशत गिरा सेंसेक्स

बताते चलें कि शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 961.42 अंकों (1.17%) की गिरावट के साथ 81,287.19 अंकों पर आकर बंद हुआ था। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 317.90 अंकों (1.25%) के नुकसान के साथ 25,178.65 अंकों पर बंद हुआ था। बताते चलें कि पिछले हफ्ते सेंसेक्स में कुल 1527.52 अंक या 1.84 प्रतिशत का नुकसान दर्ज किया गया। एआई में हो रहे नए-नए डेवलपमेंट्स की वजह से आईटी स्टॉक्स के लिए अभी काफी चुनौतीपूर्ण समय चल रहा है। फरवरी में निफ्टी आईटी इंडेक्स में करीब 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

Latest Business News