1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Silver ETFs में 10 प्रतिशत तक की जोरदार तेजी, वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में 6% की बंपर बढ़त

Silver ETFs में 10 प्रतिशत तक की जोरदार तेजी, वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में 6% की बंपर बढ़त

आज वायदा कारोबार में भी चांदी की कीमतों में बंपर तेजी देखी जा रही है। सोमवार को MCX पर वायदा चांदी का भाव 6 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ रिकॉर्ड 2.54 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गया।

silver, silver etf, silver etf returns, silver etf returns in 2025, silver etf price, silver etf pri- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK बंधन सिल्वर ईटीएफ में सबसे तेज बढ़त

Silver ETFs Price: सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने फ्लैट शुरुआत की थी, लेकिन अब बाजार में बिकवाली हावी होती नजर आ रही है। बिकवाली के दबाव में बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में आ गए हैं। इसी बीच, आज सिल्वर ईटीएफ में छप्परफाड़ तेजी देखी जा रही है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में सिल्वर ईटीएफ में औसतन 10 प्रतिशत तक की बंपर तेजी दर्ज की गई। हालांकि, खबर लिखे जाने के समय सुबह 10.46 बजे तक सिल्वर ईटीएफ 5.72 से 8.25 प्रतिशत तक की रेंज में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर, गोल्ड ईटीएफ में आज -1.02 प्रतिशत से लेकर 0.71 प्रतिशत तक की रेंज में कारोबार दर्ज किया गया।

बंधन सिल्वर ईटीएफ में सबसे तेज बढ़त

हफ्ते के पहले दिन, सोमवार को सुबह 10.46 बजे के आसपास आईसीआईसीआई सिल्वर ईटीएफ में सबसे कम 5.72 प्रतिशत की तेजी थी, जबकि बंधन सिल्वर ईटीएफ में सबसे ज्यादा 8.25 प्रतिशत की तेजी देखी गई। इस दौरान, टाटा सिल्वर ईटीएफ में भी 6.95 प्रतिशत की बढ़त देखी गई। हालांकि, शुरुआती बढ़त की तुलना में मौजूदा बढ़त काफी गिर गई है। आज शुरुआती कारोबार में टाटा सिल्वर ईटीएफ में 10 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई थी। चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी के बीच निवेशक अब सिर्फ फिजिकल सिल्वर में ही नहीं बल्कि सिल्वर ईटीएफ में भी जबरदस्त निवेश कर रहे हैं। इस साल सिल्वर ईटीएफ में जबरदस्त तेजी के साथ रिकॉर्ड निवेश आया है।

सोमवार को वायदा चांदी के भाव में 6 प्रतिशत की तेजी

इसी बीच, आज वायदा कारोबार में भी चांदी की कीमतों में बंपर तेजी देखी जा रही है। सोमवार को MCX पर वायदा चांदी का भाव 6 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ रिकॉर्ड 2.54 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी आज चांदी की कीमतें पहली बार 80 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार गई। बताते चलें कि इस साल चांदी की कीमतों में अभी तक 181 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है और 2025 को खत्म होने में अभी भी दो सत्रों से ज्यादा समय बाकी है।

Latest Business News