A
Hindi News पैसा बाजार मजबूत ओपेनिंग के बाद लुढ़का शेयर बाजार, सेंसेक्स 217 अंक टूटा, Reliance, Zomato समेत ये स्टॉक्स टूटे

मजबूत ओपेनिंग के बाद लुढ़का शेयर बाजार, सेंसेक्स 217 अंक टूटा, Reliance, Zomato समेत ये स्टॉक्स टूटे

बीएसई सेंसेक्स 217.41 अंक टूटकर 74115.17 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 92.20 अंकों की गिरावट के साथ 22460.30 अंक पर बंद हुआ।

Sensex - India TV Paisa Image Source : FILE सेंसेक्स

Share Market: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार मजबूत खुलने के बाद तेजी को कायम नहीं रख सका। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 217.41 अंक टूटकर 74115.17 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 92.20 अंकों की गिरावट के साथ 22460.30 अंक पर बंद हुआ। बाजार में गिरावट रिलायंस, महिंद्रा, टाइटन, जोमैटो जैसे शेयरों में गिरावट के कारण आई। आपको बता दें कि एशियाई बाजारों में मजबूती के रुख और पावर सेक्टर के शेयरों में खरीदारी के कारण सोमवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुलें। 

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 324.67 अंक चढ़कर 74,657.25 पर खुला था। इसी तरह एनएसई निफ्टी 98.45 अंक बढ़कर 22,650.95 पर खुला। सेंसेक्स के शेयरों में पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस में उल्लेखनीय तेजी रही। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,035.10 करोड़ रुपये के इक्विटी बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,320.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर एफआईआई को पीछे छोड़ दिया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत गिरकर 70 डॉलर प्रति बैरल पर था। 

निकट भविष्य में अस्थिरता बनी रहेगी

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक प्रतिकूल परिस्थितियां बाजार धारणा को प्रभावित कर रही हैं। अमेरिका में बेरोजगारी दर और शुल्क दर में वृद्धि ने अनिश्चितता को जन्म दिया है। यह दर्शाता है कि निकट भविष्य में अस्थिरता बनी रहेगी।’’ नायर ने कहा कि घरेलू वृहद आर्थिक आंकड़े निवेशकों को अल्पावधि में सावधानी के साथ कम मूल्यांकन वाले शेयरों की खरीद शुरू करने के लिए अनुकूल बना रहे हैं। जबकि दीर्घावधि आकर्षक लग रही है। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। वॉल स्ट्रीट में शुक्रवार को तेजी रही थी। 

Latest Business News