A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market Highlights: घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 1187 और निफ्टी 348 अंकों की उछाल के साथ बंद

Stock Market Highlights: घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 1187 और निफ्टी 348 अंकों की उछाल के साथ बंद

मंगलवार को महावीर जयंती के मौके पर शेयर बाजारों में छुट्टी थी। इस हफ्ते बाजार में कुल 3 दिन ही कारोबार होगा।

bse, nse, nifty, nifty 50, sensex, share market, stock market, ntpc, tech mahindra, power grid, hcl - India TV Hindi
Image Source : PTI घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी

Stock Market Highlights 1 April 2026: अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे ईरान युद्ध के जल्द खत्म होने की उम्मीद में आज घरेलू शेयर बाजार में शानदार रिकवरी देखने को मिली। बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 1186.77 अंकों (1.65 प्रतिशत) की तेजी के साथ 73,134.32 अंकों पर बंद हुआ। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी आज 348.00 अंक (1.56 प्रतिशत) चढ़कर 22,679.40 अंकों पर बंद हुआ। बुधवार को लगभग सभी इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। मंगलवार को महावीर जयंती के मौके पर शेयर बाजारों में छुट्टी थी। इस हफ्ते बाजार में कुल 3 दिन ही कारोबार होगा। बताते चलें कि सोमवार को बाजार में बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ था।

टाटा ग्रुप के स्टॉक में तेज उछाल

बुधवार को सेंसेक्स की 30 में 25 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और 5 कंपनी के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह, निफ्टी 50 की भी 50 में से 40 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 10 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट का शेयर आज सबसे ज्यादा 6.74 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि एनटीपीसी का शेयर आज सबसे ज्यादा 1.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

इंडिगो, अडाणी पोर्ट्स, बीईएल समेत इन शेयरों में तेजी

आज सेंसेक्स के बाकी स्टॉक्स में इंडिगो 6.01 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 5.47 प्रतिशत, बीईएल 4.54 प्रतिशत, एसबीआई 3.89 प्रतिशत, एटरनल 3.34 प्रतिशत, एलएंडटी 2.95 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 2.66 प्रतिशत, टाइटन 2.63 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.61 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.53 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.45 प्रतिशत, टीसीएस 2.09 प्रतिशत, इन्फोसिस 2.00 प्रतिशत, रिलायंस 1.83 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.64 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.51 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.41 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.36 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.29 प्रतिशत, आईटीसी 1.29 प्रतिशत, एचसीएल टेक 1.17 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.81 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.61 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

लाल निशान में बंद हुए इन कंपनियों के शेयर

वहीं दूसरी तरफ, बुधवार को एनटीपीसी के अलावा सन फार्मा के शेयर 1.64 प्रतिशत, पावर ग्रिड 1.13 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.29 प्रतिशत और भारती एयरटेल के शेयर 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

Latest Business News