A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market Highlights: बाजार में विनाशकारी गिरावट जारी, 9 दिनों में निवेशकों के ₹26.77 लाख करोड़ स्वाहा

Stock Market Highlights: बाजार में विनाशकारी गिरावट जारी, 9 दिनों में निवेशकों के ₹26.77 लाख करोड़ स्वाहा

शुक्रवार को सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 2 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 28 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

bse, nse, nifty, nifty 50, sensex, share market, stock market, ntpc, tech mahindra, power grid, hcl - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK घरेलू शेयर बाजार में विनाशकारी गिरावट जारी

Stock Market Highlights 13 March 2026: मिडल-ईस्ट में जारी जंग के बीच घरेलू बाजार में विनाशकारी गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को, भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन भयावह गिरावट दर्ज की गई। आज बीएसई सेंसेक्स 1470.50 अंकों (1.93 प्रतिशत) की बड़ी गिरावट के साथ 74,563.92 अंकों पर बंद हुआ। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी आज 488.05 अंकों (2.06 प्रतिशत) की भारी गिरावट के साथ 23,151.10 अंकों पर बंद हुआ। बताते चलें कि गुरुवार को भी बाजार में 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। कल, सेंसेक्स 829.29 अंकों (1.08 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 76,034.42 अंकों पर और निफ्टी 227.70 अंकों (0.95 प्रतिशत) के नुकसान के साथ 23,639.15 अंकों पर बंद हुआ था।

9 दिनों में ₹26.77 लाख करोड़ स्वाहा

अमेरिका और इजरायल ने 28 मार्च को ईरान पर हमला किया था। ईरान पर हमला शुरू होने के दूसरे दिन, यानी 2 मार्च को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। 3 मार्च को होली के मौके पर बाजार बंद रहे। इसके बाद 7 को शनिवार और 8 मार्च को रविवार की छुट्टी थी। यानी, 2 मार्च से लेकर आज 13 मार्च तक 9 दिनों में बीएसई का मार्केट कैप 26,77,263.69 करोड़ रुपये घट गया। इसका मतलब, ईरान पर हमला शुरू होने के बाद घरेलू बाजार में शुरू हुई गिरावट के बाद से अभी तक निवेशकों के 26,77,263.69 करोड़ रुपये स्वाहा हो चुके हैं।

शुक्रवार को क्रैश हुए एलएंडटी के शेयर

शुक्रवार को सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 2 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 28 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह, निफ्टी 50 की भी 50 में से सिर्फ 3 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 47 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर आज सबसे ज्यादा 1.18 प्रतिशत और भारती एयरटेल का शेयर 0.33 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ, जबकि एलएंडटी का शेयर आज सबसे ज्यादा 7.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

शुक्रवार को सेंसेक्स के इन 28 स्टॉक्स में दर्ज की गई गिरावट

हफ्ते के आखिरी दिन, शुक्रवार को सेंसेक्स की बाकी कंपनियों में टाटा स्टील के शेयर 5.20 प्रतिशत, एसबीआई 3.55 प्रतिशत, बीईएल 3.12 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 3.12 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 3.07 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 2.96 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.69 प्रतिशत, एचसीएल टेक 2.43 प्रतिशत, एटरनल 2.37 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 2.30 प्रतिशत, इंडिगो 2.25 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 1.99 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 1.86 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.82 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.57 प्रतिशत, इन्फोसिस 1.37 प्रतिशत, सन फार्मा 1.34 प्रतिशत, टीसीएस 1.33 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.27 प्रतिशत, ट्रेंट 1.18 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.14 प्रतिशत, टाइटन 1.14 प्रतिशत, पावर ग्रिड 0.99 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 0.98 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.93 प्रतिशत, रिलायंस 0.81 प्रतिशत और आईटीसी के शेयर 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

Latest Business News