A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. स्टॉक मार्केट में तीन दिनों की तेजी पर ब्रेक, सेंसेक्स 757 अंक टूटकर बंद, निफ्टी 24,400 से फिसला, IT स्टॉक्स पस्त

स्टॉक मार्केट में तीन दिनों की तेजी पर ब्रेक, सेंसेक्स 757 अंक टूटकर बंद, निफ्टी 24,400 से फिसला, IT स्टॉक्स पस्त

आईटी शेयरों में बिकवाली के चलते बाजार पर दबाव देखा गया। ट्रेंडिंग के दौरान आईटी इंडेक्स में 4.5% की गिरावट आई, प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.4% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि एफएमसी, मीडिया, मेटल और रियल्टी इंडेक्स में 0.4-1% की वृद्धि हुई।

शेयर बाजार पर वैश्विक संकेतों का भी असर देखने को मिला।- India TV Hindi
Image Source : PTI शेयर बाजार पर वैश्विक संकेतों का भी असर देखने को मिला।

भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक ने तीन दिनों की लगातार बढ़त के बाद बुधवार, 22 अप्रैल को गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स आखिर में 756.84 अंक की जोरदार गिरावट के बाद 78,516.49 के लेवल पर बंद हुआ। इसी तरह, एनएसई निफ्टी 24,400 के स्तर से नीचे बंद हुआ। निफ्टी भी आखिर में 198.50 अंक की गिरावट के साथ 24,378.10 के लेवल पर टिका। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हल्की मजबूती देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.2% की बढ़त रही, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में 1% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।

कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन

Image Source : BSEसेंसेक्स में शामिल कंपनियों का प्रदर्शन।

एनएसई के टॉप-5 लूजर स्टॉक्स

सिंबल LTP बदलाव %बदलाव वॉल्यूम (लाख) वैल्यू (₹ करोड़)
HCLTECH 1,286.40 -154.80 -10.74 330.66 4,313.26
INFY 1,268.80 -44.40 -3.38 200.88 2,549.82
M&M 3,150.00 -97.30 -3.00 30.97 988.31
TCS 2,535.30 -75.20 -2.88 52.32 1,330.89
TECHM 1,463.30 -37.50 -2.50 116.69 1,695.30

रुपया 39 पैसे गिरकर इतने पर बंद

भारतीय रुपया लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में दबाव में रहा और बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 39 पैसे टूटकर 93.83 (अस्थायी) पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 94 के अहम स्तर के बेहद करीब पहुंच गया, जो इससे पहले 23 मार्च को देखा गया था। फॉरेक्स बाजार में कमजोरी की मुख्य वजह वैश्विक संकेत रहे। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर बनी अनिश्चितता ने पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों को झटका दिया, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया। तेल कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर भारत जैसे आयातक देशों की मुद्रा पर पड़ता है।

इसके अलावा, घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और विदेशी निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी ने भी रुपये पर दबाव बढ़ाया। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 93.69 पर खुला और दिन के कारोबार में गिरकर 93.87 के निचले स्तर तक पहुंच गया। अंत में यह 93.83 पर बंद हुआ, जो पिछले सत्र के मुकाबले 39 पैसे की गिरावट दर्शाता है। इससे पहले मंगलवार को रुपया 28 पैसे गिरकर 93.44 पर बंद हुआ था, जबकि सोमवार को इसमें 25 पैसे की कमजोरी आई थी। हालांकि, इससे पहले के दो सत्रों में रुपये ने कुल 47 पैसे की बढ़त भी दर्ज की थी।

Latest Business News