A
Hindi News पैसा बाजार Stock Market Today: भारत-अमेरिका ट्रेड डील से गदगद हुआ बाजार, सेंसेक्स 3657 और निफ्टी 1220 अंक उछले

Stock Market Today: भारत-अमेरिका ट्रेड डील से गदगद हुआ बाजार, सेंसेक्स 3657 और निफ्टी 1220 अंक उछले

मंगलवार को बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 3656.74 अंकों (4.48%) की जोरदार उछाल के साथ 85,323.20 अंकों पर खुला।

bse, nse, nifty, nifty 50, sensex, share market, share market today, stock market, stock market toda- India TV Paisa Image Source : PTI भारत-अमेरिका ट्रेड डील से गदगद हुआ बाजार

Stock Market Today, 3 February 2026: डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा कर दी है। ट्रंप के इस फैसले के बाद आज घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त शुरुआत देखने को मिली। भारत और अमेरिका के बीच नए ट्रेड डील की घोषणा के बाद मंगलवार को बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 3656.74 अंकों (4.48%) की जोरदार उछाल के साथ 85,323.20 अंकों पर खुला। जबकि, एनएसई के निफ्टी 50 इंडेक्स ने भी आज 1219.65 अंकों (4.86%) की बंपर तेजी के साथ 26,308.05 अंकों पर कारोबार की शुरुआत की। बताते चलें कि इससे पहले 1 फरवरी को बजट वाले दिन घरेलू शेयर बाजार में विनाशकारी गिरावट देखने को मिली थी।

सेंसेक्स और निफ्टी की सभी शेयरों ने तेजी के साथ शुरू किया कारोबार

मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स की सभी 30 और निफ्टी 50 की सभी 50 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में खुले। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल अडाणी पोर्ट्स के शेयर आज सबसे ज्यादा 7.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। वहीं दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर आज सबसे कम 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ खुले।

सेंसेक्स के किस शेयर की कैसी रही शुरुआत

डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद, आज मंगलवार को सेंसेक्स की बाकी कंपनियों में एटरनल के शेयर 7.10 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 6.55 प्रतिशत, इंफोसिस 4.43 प्रतिशत, इंडिगो 4.29 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.88 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 3.63 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 3.50 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक 3.21 प्रतिशत, एलएंडटी 3.20 प्रतिशत, सनफार्मा 3.19 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 3.07 प्रतिशत, टाटा स्टील 2.97 प्रतिशत, ट्रेंट 2.96 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.95 प्रतिशत, एचसीएल टेक 2.86 प्रतिशत, टीसीएस 2.73 प्रतिशत, टाइटन 2.61 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 2.52 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 2.51 प्रतिशत, बीईएल 2.31 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.18 प्रतिशत, पावरग्रिड 1.92 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 1.92 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.85 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.82 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.36 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.33 प्रतिशत और आईटीसी के शेयर 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ खुले।

अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटाया

बताते चलें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ एक ट्रेड एग्रीमेंट की घोषणा की है, जिससे भारतीय सामानों पर वसूला जा रहा टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। वाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका, भारत पर रूसी तेल खरीदने के लिए लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ को भी हटा देगा क्योंकि भारत ने रूस से तेल की खरीद को कम किया है। हालांकि, इसके लिए भारत को रूसी कच्चे तेल की खरीद को पूरी तरह से बंद करना होगा।

Latest Business News