शेयर बाजार में लिस्ट कंपनियां अभी भी चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर रही हैं। इसी सिलसिले में आज रीन्यूएबल एनर्जी कंपनी सुजलॉन ने भी अपने नतीजे जारी कर दिए। सुजलॉन एनर्जी ने गुरुवार को बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में उनका नेट प्रॉफिट 1181 करोड़ रुपये रहा। बताते चलें कि वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में कंपनी को 254 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। इसका सीधा मतलब ये हुआ कि 2023-24 की चौथी तिमाही की तुलना में 2024-25 की चौथी तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में 465 प्रतिशत (लगभग 5 गुना) की भारी-भरकम बढ़ोतरी हुई है।
वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी को हुआ 2072 करोड़ रुपये का प्रॉफिट
सुजलॉन एनर्जी ने गुरुवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि मार्च, 2025 को समाप्त तिमाही में उनकी कुल आय बढ़कर 3825.19 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2207.43 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ बढ़कर 2072 करोड़ रुपये रहा जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 660 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की कुल आय बढ़कर 10,993.13 करोड़ रुपये रही जो इससे पिछले वित्त वर्ष 2023-24 में 6,567.51 करोड़ रुपये थी।
गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए कंपनी के शेयर
हालांकि, नतीजे जारी होने से पहले कंपनी के शेयर आज बीएसई पर 0.91 रुपये (1.37%) की गिरावट के साथ 65.42 रुपये के लेवल पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 64.75 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 67.64 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बताते चलें कि सुजलॉन एनर्जी के शेयरों का 52 वीक हाई 86.04 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 43.50 रुपये है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 89,291.01 करोड़ रुपये है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
Latest Business News