1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Tata Motors के शेयरों में जबरदस्त गिरावट, टच किया नया 52 वीक लो, इस एक खबर से मचा हाहाकार

Tata Motors के शेयरों में जबरदस्त गिरावट, टच किया नया 52 वीक लो, इस एक खबर से मचा हाहाकार

टाटा मोटर्स के शेयरों की दुर्दशा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज इसने 684.25 रुपये का इंट्राडे लो टच कर दिया, जो इसका नया 52 वीक लो भी बन गया है।

tata motors, tata motors share price, tata motors results, tata motors q3 results, tata motors net p- India TV Hindi
Image Source : TATA MOTORS टाटा मोटर्स के शेयरों ने टच किया नया 52 वीक लो

Tata Motors Share Price: भारतीय शेयर बाजार में अभी मामूली बढ़ोतरी देखी जा रही है। सुबह 10.50 बजे तक सेंसेक्स 267.01 अंकों की बढ़त के साथ 76,799.97 अंकों पर और निफ्टी 119.20 अंकों की बढ़त के साथ 23,282.30 अंकों पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, टाटा ग्रुप की ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स के शेयर जबरदस्त गिरावट का सामना कर रहे हैं। गुरुवार को सुबह 10.54 तक टाटा मोटर्स के शेयर बीएसई पर 51.45 रुपये (6.84%) की गिरावट के साथ 701.00 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। बताते चलें कि बुधवार को कंपनी के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली थी।

टाटा मोटर्स के शेयरों ने टच किया नया 52 वीक लो

बुधवार को 752.45 रुपये के भाव पर बंद हुए कंपनी के शेयर आज बड़ी गिरावट के साथ 715.00 रुपये के भाव पर खुले थे, जो इसका अभी तक का इंट्राडे हाई बना हुआ है। टाटा मोटर्स के शेयरों की दुर्दशा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज इसने 684.25 रुपये का इंट्राडे लो टच कर दिया, जो इसका नया 52 वीक लो भी बन गया है। बताते चलें कि टाटा मोटर्स के शेयरों का 52 वीक हाई 1179.05 रुपये है। टाटा मोटर्स के शेयरों में गिरावट की मुख्य वजह कंपनी के बेहद खराब वित्तीय नतीजे हैं।

टाटा ग्रुप की कंपनी के शुद्ध लाभ में 22 प्रतिशत की गिरावट

टाटा मोटर्स ने बुधवार को वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था कि तीसरी तिमाही में उनका एकीकृत शुद्ध लाभ 22 प्रतिशत घटकर 5578 करोड़ रुपये रहा। जबकि, पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 7145 करोड़ रुपये था। टाटा ग्रुप की कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उनका ऑपरेशनल इनकम 1,13,575 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,10,577 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि पिछली तिमाही में उसका कुल व्यय बढ़कर 1,07,627 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,04,494 करोड़ रुपये था।

Latest Business News