पिछले हफ्ते सेंसेक्स की टॉप 10 में से 9 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल मिलाकर 3.65 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबकि, बाकी की बची 1 कंपनी के मार्केट कैप में 9232.26 करोड़ रुपये की गिरावट आई। बताते चलें कि पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ था और एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 625.7 अंक यानी 2.77 प्रतिशत की बढ़त लेकर बंद हुआ था।
लार्सन एंड टुब्रो को छोड़ सभी कंपनियों के मार्केट कैप में दर्ज की गई बढ़ोतरी
पिछले हफ्ते टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), भारती एयरटेल, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बजाज फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के मार्केट कैप में बढ़ोतरी देखने को मिली। जबकि, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का मार्केट कैप गिर गया। जिन कंपनियों के मार्केट कैप में उछाल आता है, उन कंपनियों में पैसा लगाने वाले निवेशकों की संपत्ति भी उसी हिसाब से बढ़ जाती है। इसी तरह, जिन कंपनियों का मार्केट कैप गिरता है, उन कंपनियों में पैसा लगाने वाले निवेशकों की संपत्ति भी घट जाती है।
टीसीएस के मार्केट कैप में 1,08,542.63 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी
इस दौरान, टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी टीसीएस के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा 1,08,542.63 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई और ये बढ़कर 8,91,134.96 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल का मार्केट कैप 61,406.53 करोड़ रुपये बढ़कर 11,88,815.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इन्फोसिस की मार्केट वैल्यूएशन 55,893.05 करोड़ रुपये बढ़कर 4,71,409.41 करोड़ रुपये हो गई, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यूएशन 53,047.56 करोड़ रुपये बढ़कर 16,37,437.19 करोड़ रुपये हो गई।
एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप भी बढ़ा
एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 32,379.05 करोड़ रुपये बढ़कर 11,22,628.07 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 30,769.95 करोड़ रुपये बढ़कर 10,02,871.44 करोड़ रुपये हो गया। बजाज फाइनेंस की वैल्यूएशन 14,786.65 करोड़ रुपये बढ़कर 6,11,326.72 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।
लार्सन एंड टुब्रो के मार्केट कैप में दर्ज की गई 9232.26 करोड़ रुपये की गिरावट
इनके अलावा, पिछले हफ्ते एलआईसी का मार्केट कैप 4933.50 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 5,02,204.82 करोड़ रुपये हो गया। भारतीय स्टेट बैंक की मार्केट वैल्यूएशन 3323.07 करोड़ रुपये बढ़कर 8,87,722.84 करोड़ रुपये हो गई। वहीं दूसरी तरफ, लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 9232.26 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 4,99,725.06 करोड़ रुपये पर आ गया।
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में कौन, किस स्थान पर
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बरकरार है। इसके बाद दूसरे स्थान पर भारती एयरटेल, तीसरे स्थान पर एचडीएफसी बैंक, चौथे स्थान पर आईसीआईसीआई बैंक, पांचवे स्थान पर टीसीएस, छठे स्थान पर एसबीआई, सातवें स्थान पर बजाज फाइनेंस, 8वें स्थान पर एलआईसी, 9वें स्थान पर लार्सन एंड टुब्रो और 10वें स्थान पर इन्फोसिस रही।
ये भी पढ़ें
रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले देश ही खरीद रहे रूसी तेल से तैयार ईंधन, भारत समेत 3 देशों का निर्यात 43% बढ़ा
Latest Business News