पिछले हफ्ते देश की 10 सबसे वैल्यूएबल कंपनियों में से 6 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 75,256.97 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबकि, बाकी की 4 कंपनियों के मार्केट कैप में कुल मिलाकर 45,841.94 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इस दौरान, टीसीएस को सबसे ज्यादा फायदा हुआ। वहीं दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। फायदे में रहने वाली कंपनियों में टीसीएस के अलावा, इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और लार्सन एंड टुब्रो के शामिल रहे। जबकि HDFC Bank, ICICI Bank, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और बजाज फाइनेंस की वैल्यूएशन में गिरावट देखने को मिली। पिछले हफ्ते, BSE का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 338.3 अंकों या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
टीसीएस के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
पिछले हफ्ते टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा 22,594.96 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद ये बढ़कर 11,87,673.41 करोड़ रुपये हो गया। इंफोसिस के मार्केट कैप में 16,971.64 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और ये 6,81,192.22 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय स्टेट बैंक की वैल्यूएशन 15,922.81 करोड़ रुपये बढ़कर 9,04,738.98 करोड़ रुपये हो गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यूएशन 12,314.55 करोड़ रुपये बढ़कर 21,17,967.29 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का मार्केट कैप 7384.23 करोड़ रुपये बढ़कर 11,95,332.34 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 68.78 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 5,60,439.16 करोड़ रुपये हो गया।
एचडीएफसी बैंक की वैल्यूएशन में सबसे बड़ी गिरावट
हालांकि, एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 21,920.08 करोड़ रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 15,16,638.63 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय जीवन बीमा निगम की वैल्यूशन 9614 करोड़ रुपये गिरकर 5,39,206.05 करोड़ रुपये हो गई। आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 8427.61 करोड़ रुपये गिरकर 9,68,240.54 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 5880.25 करोड़ रुपये घटकर 6,27,226.44 करोड़ रुपये हो गया। बताते चलें कि जब किसी कंपनी का मार्केट कैप गिरता है तो उसके निवेशकों को नुकसान होता है। इसी तरह, जब किसी कंपनी का मार्केट कैप बढ़ता है तो इसके निवेशकों को फायदा होता है।
Latest Business News