1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों ने इन छह ने कराया बड़ा नुकसान, लिस्ट में रिलायंस, TCS, LIC शामिल

सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों ने इन छह ने कराया बड़ा नुकसान, लिस्ट में रिलायंस, TCS, LIC शामिल

आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 35,814.41 करोड़ रुपये बढ़कर 10,53,823.14 करोड़ रुपये रही।

Sensex - India TV Hindi
Image Source : FILE सेंसेक्स

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में गिरावट रही। इसके चलते सेंसेक्स की टॉप कंपनियों को भी नुकसान हुआ। सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 2.22 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। शेयर बाजार में गिरावट के रुख के बीच सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 294.64 अंक या 0.36 प्रतिशत नीचे आया। सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के पूंजीकरण में सामूहिक रूप से 2,22,193.17 करोड़ रुपये की गिरावट आई। 

टूटते बाजार में एचडीएफसी ने दिया फायदा 

वहीं दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाजार हैसियत बढ़ गई। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 1,14,687.7 करोड़ रुपये घटकर 18,83,855.52 करोड़ रुपये पर आ गया। सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को ही हुआ। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 29,474.56 करोड़ रुपये घटकर 6,29,621.56 करोड़ रुपये रह गई। एलआईसी का मूल्यांकन 23,086.24 करोड़ रुपये घटकर 5,60,742.67 करोड़ रुपये पर और टीसीएस का मूल्यांकन 20,080.39 करोड़ रुपये घटकर 11,34,035.26 करोड़ रुपये रह गया। बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 17,524.3 करोड़ रुपये घटकर 5,67,768.53 करोड़ रुपये रह गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 17,339.98 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 5,67,449.79 करोड़ रुपये पर आ गया। इस रुख के उलट एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 37,161.53 करोड़ रुपये बढ़कर 15,38,078.95 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। 

आईसीआईसीआई बैंक के स्टॉक उछले 

आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 35,814.41 करोड़ रुपये बढ़कर 10,53,823.14 करोड़ रुपये रही। भारती एयरटेल का मूल्यांकन 20,841.2 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 11,04,839.93 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण 9,685.34 करोड़ रुपये बढ़कर 7,44,449.31 करोड़ रुपये रहा। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा। 

Latest Business News