A
Hindi News पैसा बाजार फिर से टूट गया अमेरिकी शेयर बाजार, Nasdaq 3% डाउन, क्रूड ऑयल में भी बड़ी गिरावट

फिर से टूट गया अमेरिकी शेयर बाजार, Nasdaq 3% डाउन, क्रूड ऑयल में भी बड़ी गिरावट

बुधवार को आई भारी तेजी के बाद आज गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है। सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे हैं।

यूएस मार्केट- India TV Paisa Image Source : FILE यूएस मार्केट

Wall Street Today: अमेरिकी शेयर बाजार में फिर से बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। गुरुवार को यूएस मार्केट लाल निशान पर खुला है। शुरुआती कारोबार में एसएंडपी-500 3 फीसदी डाउन था। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 2.4 फीसदी डाउन दिखा। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट में 3.7 फीसदी की भारी गिरावट देखने को मिली है। इसके अलावा स्मॉल कैप 2000 सूचकांक 3.18 फीसदी की गिरावट के साथ ट्रेड करता दिखाई दिया। उधर ऑयल मार्केट में भी बड़ी गिरावट देखी जा रही हैं। वहीं, सोने के दाम बढ़ गए हैं।


ऑयल मार्केट में बड़ी गिरावट

गुरुवार को ऑयल मार्केट में भी बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। क्रूड ऑयल डबल्यूटीआई 4.60 फीसदी या 2.90 डॉलर टूटकर 59.47 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, ब्रेंट ऑयल 4.15 फीसदी या 2.69 डॉलर की गिरावट के साथ 62.79 डॉलर प्रति डॉलर पर ट्रेड करता दिखा।

बॉन्ड यील्ड भी गिरी

गुरुवार को यूएस ट्रेजरी यील्ड में भी गिरावट देखी गई है। 10 साल की यील्ड 1.64 फीसदी गिरकर 4.325 फीसदी पर आ गई। इसके अलावा, 30 साल की यील्ड 0.25 फीसदी गिरकर 4.778 फीसदी पर और 5 साल की यील्ड 3.56 फीसदी गिरकर 3.954 फीसदी पर आ गई।

सोने-चांदी में आया उछाल

शेयर मार्केट से इतर सोने-चांदी की वैश्विक कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। सोने का वैश्विक भाव 3 फीसदी या 91 डॉलर की भारी तेजी के साथ 3170 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वहीं, चांदी का वैश्विक भाव 1.92 फीसदी या 0.57 डॉलर की बढ़त के साथ 31.01 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया।

टैरिफ पर 90 दिन की रोक

अमेरिका द्वारा 75 देशों पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ पर 90 दिन की रोक के बावजूद स्टॉक मार्केट में यह गिरावट देखने को मिली है। हालांकि, 10 फीसदी टैरिफ लागू रहेगा। वहीं, ट्रंप ने चीन से आने वाले प्रोडक्ट्स पर टैरिफ को बढ़ाकर 125 फीसदी कर दिया है।

Latest Business News