नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी-भरकम भीड़ होनी तय है। दीपावली और छठ महापर्व के समय यूपी और बिहार जाने वाली रेगुलर ट्रेनों में कन्फर्म सीट तो छोड़िए, वेटिंग भी नहीं मिल रही हैं। ऐसे में, भारतीय रेल द्वारा चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनें ही यात्रियों की आखिरी उम्मीद होती हैं। भारतीय रेल ने मुंबई और बनारस के बीच एक और स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। उत्तर मध्य रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन की जानकारी शेयर की है।
हफ्ते में 2 दिन चलेगी लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस स्पेशल ट्रेन
उत्तर मध्य रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और बनारस के बीच हफ्ते में 2 दिन चलाई जाएगी। इस स्पेशल ट्रेन से बड़ी संख्या में यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। रेलवे के मुताबिक, ये स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान ठाणे, कल्याण जंक्शन, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव जंक्शन, भुसावल जंक्शन, खंडवा जंक्शन, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर जंक्शन, प्रयागराज छिवकी और वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। इस ट्रेन में स्लीपर क्लास के 11 डिब्बे, जनरल क्लास के 5 डिब्बे, थर्ड क्लास एसी के 4 डिब्बे, एसएलआरडी के 2 डिब्बे समेत कुल 22 डिब्बे होंगे।
मुंबई से बनारस के लिए प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को चलेगी ट्रेन
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बनारस तक चलने वाली ट्रेन नंबर- 01051, LTT-बनारस स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर से लेकर 19 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को दोपहर 12:15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से अपनी यात्रा शुरू करेगी और अगले दिन शाम 16:05 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में, बनारस से लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक चलने वाली ट्रेन नंबर- 01052, बनारस-LTT स्पेशल ट्रेन 15 अक्टूबर से लेकर 20 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को रात 20:30 बजे बनारस से प्रस्थान करेगी और दूसरे दिन सुबह 04:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का लेटेस्ट अपडेट अवश्य प्राप्त करने की अपील
बताते चलें कि जरूरत के आधार पर इन स्पेशल ट्रेनों के शेड्यूल में जरूरी बदलाव भी किए जा सकते हैं। इसलिए, रेलवे ने यात्रियों से अपील की है वे अपनी यात्रा शुरू करने से भारतीय रेल की हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर अपनी ट्रेन का लेटेस्ट अपडेट अवश्य प्राप्त कर लें। इसके अलावा, आप NTES पोर्टल पर जाकर भी अपने ट्रेन से जुड़ी अहम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें
अक्टूबर से महंगा हो सकता है लोन, बढ़ती महंगाई के बीच रेपो रेट में 0.25 की बढ़ोतरी कर सकता है RBI
Latest Business News