1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. 24 घंटे के अंदर मिलेगा बिजली कनेक्शन, बिजली कंपनियों ने त्योहारों के लिए शुरू की 'तत्काल' सेवा

24 घंटे के अंदर मिलेगा बिजली कनेक्शन, बिजली कंपनियों ने त्योहारों के लिए शुरू की 'तत्काल' सेवा

अस्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन करने के लिए बिजली वितरण कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और ग्राहक सेवा केंद्रों की मदद ले सकते हैं।

electricity connection, bses, temporary electricity connection, tata power- India TV Hindi
Image Source : PTI 24 घंटे के अंदर मिलेगा बिजली कनेक्शन

बिजली वितरण कंपनियों (DISCOMs) ने इस साल के त्योहारी सीजन के दौरान 24 घंटे के भीतर बिजली कनेक्शन देने लिए 'तत्काल' सेवा की शुरुआत कर दी है। इस नई सेवा का उद्देश्य दुर्गा पूजा, रामलीला, दीपावली मेला और शादी-विवाह समेत अन्य कार्यक्रमों के आयोजकों की मदद करना है। बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की ये सेवा देश की राजधानी दिल्ली के लिए शुरू की गई है, जहां आवेदकों को किसी खास कार्यक्रम के लिए 24 घंटे के अंदर अस्थायी बिजली कनेक्शन मिल जाएगा।

दिल्ली में अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए कैसे और कहां कर सकेंगे आवेदन

बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड (बीआरपीएल) और बीएसईएस यमुना पावर लिमिटेड (बीवाईपीएल) त्योहारों के दौरान राजधानी दिल्ली को रोशन करने की तैयारी कर रही हैं। बीएसईएस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आवेदक इन अस्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन करने के लिए बिजली वितरण कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और ग्राहक सेवा केंद्रों की मदद ले सकते हैं। वे अस्थाई कनेक्शन के लिए ऑनलाइन पेमेंट भी कर सकते हैं। 

दिल्ली सरकार के डीएम ऑफिस में मौजूद सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए भी कर सकेंगे आवेदन

प्रवक्ता ने कहा कि अपनी 'तत्काल' अस्थायी बिजली कनेक्शन सेवा के जरिए बीएसईएस दुर्गा पूजा समारोहों, रामलीला, दिवाली मेलों, शादियों और अन्य आयोजनों के लिए उसी दिन बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने और तकनीकी रूप से संभव पाए जाने पर उपभोक्ता 24 घंटे के भीतर अस्थायी बिजली कनेक्शन ले सकते हैं। इसके अलावा, दिल्ली सरकार के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) ऑफिस में मौजूद सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए भी अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है।

टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड ने भी अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए पूरी की तैयारी

टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड (TPDDL) के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ने रामलीला, दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों के आयोजकों को 24 घंटे के भीतर 'तत्काल' बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए सभी इंतजाम कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि डिस्कॉम से 'तत्काल' अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने के लिए आयोजकों को नजदीकी TPDDL ग्राहक सेवा केंद्र पर जाना होगा या कंपनी की वेबसाइट का इस्तेमाल करना होगा। अस्थायी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन पेमेंट होगी।

ये भी पढ़ें

छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए बनेगा ₹10,000 करोड़ का ग्रोथ फंड, केंद्र सरकार ने प्रस्ताव को दी मंजूरी

Latest Business News