देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच एक अच्छी खबर आ रही है। देश की सरकारी कंपनी भारत पेट्रोलियम ने LPG ATM की शुरुआत की है। इस नई सर्विस के तहत, भारत पेट्रोलियम ने गुरुग्राम के सेक्टर-33 में स्थित सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में LPG ATM लगाया है। इस नई सर्विस के तहत, एलपीजी उपभोक्ता खाली सिलेंडर देकर आसानी से भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में सिर्फ 2 से 3 मिनट का समय लगेगा। सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में फैसिलिटीज के असिस्टेंट मैनेजर अमित खटाना ने इस नई सर्विस के बारे में जानकारी दी है।
मोबाइल नंबर डालते ही शुरू हो जाएगा प्रोसेस
अमित खटाना ने बताया कि भारत पेट्रोलियम ने ये सर्विस शुरू की है, जिसके तहत सिर्फ भारत गैस के ग्राहकों को ही सुविधा मिलेगी। इस सेवा के तहत, भारत गैस के एलपीजी ग्राहकों को अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालना होगा, जिसके बाद उनके पास एक ओटीपी आएगा। ओटीपी आने के बाद उन्हें अपना खाली सिलेंडर वजन करना होगा और वजन करने के बाद उन्हें पेमेंट करनी होगी। पेमेंट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 10 किलो का भरा हुआ सिलेंडर मिल जाएगा।
10 किलो वाला खाली सिलेंडर होना जरूरी
हालांकि, ये सर्विस अभी भारत गैस के सभी ग्राहकों को नहीं मिलेगी। अमित ने बताया कि इस सर्विस के तहत ग्राहकों को 10 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर मिल रहे हैं, जिसके लिए ग्राहकों के पास 10 किलो वाला ही खाली सिलेंडर भी होना चाहिए। अमित ने बताया कि जिन ग्राहकों के पास 14.2 किलो वाले सिलेंडर हैं, उन्हें यहां एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पाएगा। अमित के मुताबिक, 10 किलो वाले खाली सिलेंडर के लिए ग्राहकों को अपनी एजेंसी से संपर्क करना होगा।
युद्ध की वजह से प्रभावित हुई गैस सप्लाई
बताते चलें कि मिडिल-ईस्ट में चल रहे युद्ध की वजह से गैस और कच्चे तेल की सप्लाई पर काफी बुरा असर पड़ रहा है। सप्लाई प्रभावित होने के कारण देश में गैस की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है। हालांकि, सरकार का कहना है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। इसके अलावा, अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई भी शुरू कर दी गई है और इसमें भी बढ़ोतरी की जा रही है।
Latest Business News