करोड़पति बनना है तो 15x15x15 के फॉर्मूले से Mutual Fund में करें SIP, नहीं रहेगी पैसों की कमी
15x15x15 के फॉर्मूले में आपको किसी 15% औसत रिटर्न देने वाले म्यूचुअल फंड में 15 साल तक हर महीने 15,000 रुपये की SIP करानी होगी।
अमीर बनना कौन नहीं चाहता। हर कोई दौलतमंद बनना चाहता है। लेकिन याद रखें कि अमीर बनने का कोई शॉर्ट-कट नहीं होता। इसके लिए आपको मेहनत, लगन, धैर्य और नॉलेज की जरूरत होती है। अपने इनकम सोर्सेस बढ़ाएं, खर्चे कम करें और रुपये को किसी अच्छे निवेश विकल्प में निवेश करके आप एक बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं। अपने इन्वेस्टमेंट को सफल बनाने के लिए आप पर्सनल फाइनेंस के कुछ फॉर्मूले भी फॉलो कर सकते हैं। ऐसा ही एक 15x15x15 का फॉर्मूला है। इसे यूज कर आप एक बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं।
क्या है 15x15x15 का फॉर्मूला?
15x15x15 के फॉर्मूले में आपको किसी 15% औसत रिटर्न देने वाले म्यूचुअल फंड में 15 साल तक हर महीने 15,000 रुपये की SIP करानी होगी। आप इस फॉर्मूले से एसआईपी कराते हैं, तो आप रिटायरमेंट से पहले ही करोड़पति बन जाएंगे। इस फॉर्मूले से आप 15 साल में ही 1.01 करोड़ रुपये जमा कर लेंगे। इस पैसे से आप घर खरीद सकते हैं या अपने रिटायरमेंट फंड के लिये रख सकते हैं।
जितना लंबा निवेश उतना बड़ा फंड
अगर आप अपने इस निवेश को 15 के बजाय 20 साल तक जारी रखते हैं, तो आपके पास 2.27 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो जाएगा। मान लीजिए आप 40 साल की उम्र में यह निवेश शुरु करते हैं, तो 60 साल की उम्र में यानी रिटायरमेंट के समय आपके पास 2.27 करोड़ रुपये का फंड होगा। ध्यान रखें कि रिटायरमेंट प्लानिंग जितनी कम उम्र में शुरू की जाए, उतना बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है। अगर आप यह निवेश 25 साल की उम्र में ही शुरू कर देते हैं, तो 45 साल की उम्र में आपके पास 2.27 करोड़ रुपये जमा हो जाएंगे और आप एक शानदार लाइफ जी सकते हैं। इस तरह आप आसानी से अमीर बन जाएंगे।
(Disclaimer: यह न्यूज सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।)
