1. Hindi News
  2. पैसा
  3. फायदे की खबर
  4. दरभंगा से पटना, दानापुर, बक्सर, कटनी, इटारसी, पुणे, बेंगलुरू के रास्ते मैसूर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल

दरभंगा से पटना, दानापुर, बक्सर, कटनी, इटारसी, पुणे, बेंगलुरू के रास्ते मैसूर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल

उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि ये स्पेशल ट्रेन मंगलवार, 27 अक्टूबर से शुरू हो रही है। ये स्पेशल ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी।

indian railways, special trains, festival special trains, darbhanga, mysore- India TV Hindi
Image Source : INDIAN RAILWAYS दरभंगा और मैसूर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में अभी से यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी है। यात्रियों की ये भीड़ समय के साथ-साथ और ज्यादा बढ़ती जाएगी। दशहरा और दुर्गा पूजा के बाद अब दीपावली और छठ महापर्व नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में लोग अपने पूरे परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने-अपने गांव के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। यूपी और बिहार की रेगुलर ट्रेनें पहले से ही फुल हो चुकी हैं। ऐसे में अब सिर्फ स्पेशल ट्रेन ही लोगों को आराम से उनके घर तक पहुंचा सकती है। ऐसे में, भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दरभंगा और मैसूर के बीच एक नई स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है।

स्पेशल ट्रेन में होगे स्लीपर क्लास के 10 और जनरल क्लास के 8 डिब्बे

भारतीय रेल, हमेशा की तरह इस साल भी दीपावली और छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। भारतीय रेल के उत्तर मध्य रेलवे ने दरभंगा और मैसूर के बीच चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन की पूरी डिटेल्स शेयर की हैं। उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि ये स्पेशल ट्रेन मंगलवार, 27 अक्टूबर से शुरू हो रही है। ये स्पेशल ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी। इस ट्रेन में फर्स्ट क्लास एसी का 1, सेकेंड क्लास एसी का 1, थर्ड क्लास एसी के 2, स्लीपर क्लास के 10, जनरल क्लास के 8 और एसएलआर/डी के 2 डिब्बे समेत कुल 24 डिब्बे होंगे।

मैसूर से 27 अक्टूबर और दरभंगा से 31 अक्टूबर को शुरू होंगी सेवाएं

रेलवे के मुताबिक, मैसूर से दरभंगा तक जाने वाली स्पेशल ट्रेन 27 अक्टूबर से लेकर 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को रवाना होगी और शुक्रवार को दरभंगा पहुंचेगी। जबकि, दरभंगा से मैसूर तक जाने वाली स्पेशल ट्रेन 31 अक्टूबर से लेकर 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी और सोमवार को मैसूर पहुंचेगी।

किन-किन रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी दरभंगा-मैसूर स्पेशल ट्रेन

दरभंगा और मैसूर के बीच चलने वाली ये स्पेशल ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान समस्तीपुर, बरौनी, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, मैहर, कटनी, मदनमहल (जबलपुर), नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, भुसावल, मनमाड, अहिल्यानगर, दौंड कोर्ड लाइन, पुणे, सतारा, करद, सांगली, मिराज, कुडची, रायबाग, घटप्रभा, गोकाक रोड, बेलगावी, लोंडा, धारवाड़, हुब्बली, हावेरी, दावणगेरे, चिकजाजूर, अर्सिकेरे, तुमकूर, यशवंतपुर, केएसआर बेंगलुरू और मंड्या रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

मैसूर और दरभंगा से कब रवाना होगी और कब पहुंचेगी गाड़ी

ट्रेन नंबर- 06211, मैसूर-दरभंगा स्पेशल ट्रेन मंगलवार को रात 20:05 बजे प्रस्थान करेगी और शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर- 06212, दरभंगा-मैसूर स्पेशल ट्रेन शनिवार को सुबह 07:05 बजे प्रस्थान करेगी और सोमवार को शाम 19:10 बजे मैसूर पहुंचेगी।

दरभंगा और मैसूर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन 06211 और 06212 का पूरा टाइम टेबल देखने के लिए यहां क्लिक करें।

भारतीय रेल ने अपनी सभी यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले 139 पर कॉल कर अपनी ट्रेन का करेंट स्टेटस अवश्य जान लें। इसके अलावा, यात्री NTES पोर्टल पर जाकर भी अपनी ट्रेन का करेंट स्टेटस जान सकते हैं।

ये भी पढ़ें

रूस से कच्चा तेल खरीदने में अब ज्यादा फायदा नहीं, सरकारी तेल कंपनी BPCL घटाएगी खरीद

Latest Business News