उत्तर प्रदेश सरकार दो अलग-अलग चरणों में धान की खरीदारी करेगी। इसके लिए तारीखों की घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही, हरियाणा सरकार ने भी धान की खरीद के लिए तारीख का ऐलान कर दिया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 अक्टूबर, 2025 और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा बुंदेलखंड में 1 नवंबर, 2025 से धान की खरीदारी शुरू होगी। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में ये जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत 1 अक्टूबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की खरीद शुरू होगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के संभागों में धान की खरीद 1 नवंबर से शुरू होगी।
यूपी में किस भाव पर धान खरीदेगी सरकार
उत्तर प्रदेश में धान की खरीद के लिए 1 सितंबर से पंजीकरण शुरू हो चुका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी 2026 तक धान की खरीद होगी। सरकार ने इस साल धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी भी की है। धान (कॉमन) का मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और धान (ग्रेड ए) का मूल्य 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। धान बेचने के लिए किसानों का पंजीकृत होना अनिवार्य है। किसानों को खाद्य व रसद विभाग की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा।
किन जिलों में कब शुरू होगी खरीद
ये खरीद पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़, झांसी मंडलों में होगी। वहीं लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर जनपद में भी धान खरीद इसी अवधि में होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के संभागों में 1 नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। ये खरीद चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर व प्रयागराज संभाग में होगी। इसके साथ ही लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव में भी 1 नवंबर से खरीद होगी, जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी।
हरियाणा में कब शुरू होगी धान की खरीद
हरियाणा सरकार ने भी धान की सरकारी खरीद के लिए तारीख की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में राज्य में धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर के बजाय 22 सितंबर से शुरू होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने फसलों पर एमएसपी में लगातार बढ़ोतरी की है। वर्ष 2014 में धान (सामान्य) का एमएसपी 1,360 रुपये प्रति क्विंटल था, जबकि आज ये 2,369 रुपये प्रति क्विंटल है।’’ इसी प्रकार, वर्ष 2014 में धान (ग्रेड-ए) का एमएसपी 1,400 रुपये प्रति क्विंटल था, जबकि आज ये 2,389 रुपये प्रति क्विंटल है।
Latest Business News