1. Hindi News
  2. पैसा
  3. टैक्स
  4. प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर 31 जुलाई तक मिलेगी 10% की छूट, MCD ने बढ़ाई डेडलाइन

प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर 31 जुलाई तक मिलेगी 10% की छूट, MCD ने बढ़ाई डेडलाइन

MCD के एक अधिकारी ने बताया कि इस साल प्रॉपर्टी टैक्स भरते समय बिजली उपभोक्ता खाता नंबर देना जरूरी कर दिया गया है।

property tax, mcd property tax, mcd, delhi property tax- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने पर मिलेगी 10% की छूट

देश की राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी खबर आई है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रॉपर्टी टैक्स का एकमुश्त भुगतान करने पर मिलने वाली 10 प्रतिशत की छूट का लाभ उठाने की आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 जुलाई कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को ये जानकारी दी। 

30 जून तक के लिए निर्धारित था 10 प्रतिशत की छूट वाला ऑफर

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि इस छूट का फायदा ज्यादा से ज्यादा टैक्सपेयर्स को देने के उद्देश्य से ये फैसला लिया गया है। बताते चलें कि इससे पहले, प्रॉपर्टी टैक्स का एकमुश्त भुगतान करने पर मिलने वाली 10 प्रतिशत की छूट 30 जून तक के लिए ही निर्धारित थी।

नागरिकों के लिए टैक्स भुगतान को ज्यादा सुविधाजनक बनाना लक्ष्य

मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि कई टैक्सपेयर अलग-अलग कारणों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कर पाए थे। आखिरी तारीख बढ़ाने का उद्देश्य नागरिकों के लिए टैक्स भुगतान को ज्यादा सुविधाजनक बनाना और समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के लिए प्रोत्साहित करना है। 

दिल्ली नगर निगम के रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी की उम्मीद

मेयर ने अपने बयान में कहा, ''जिन टैक्सपेयर्स ने अभी तक अपना बकाया टैक्स जमा नहीं किया है, उन्हें समय सीमा बढ़ाए जाने से राहत मिलेगी। इसके साथ ही इससे दिल्ली नगर निगम के रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी होगी, जिसका इस्तेमाल नागरिक बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य नगर निगम सेवाओं पर किया जाता है।'' 

मेयर ने दिल्ली के नागरिकों से की छूट का फायदा उठाने की अपील

प्रवेश वाही ने प्रॉपर्टी मालिकों से 31 जुलाई से पहले एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ उठाने की अपील की। MCD के एक अधिकारी ने बताया कि इस साल प्रॉपर्टी टैक्स भरते समय बिजली उपभोक्ता खाता नंबर देना जरूरी कर दिया गया है।

भारी ट्रैफिक की वजह से धीमा पड़ा एमसीडी पोर्टल

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कई टैक्सपेयर्स ने पिछले तीन दिनों में MCD पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की है। उनका कहना है कि वेबसाइट के धीमे चलने के कारण पेमेंट की प्रक्रिया पूरी करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आखिरी समय में टैक्स भरने वालों की भारी भीड़ के कारण पोर्टल पर बहुत ज्यादा ट्रैफिक है, जिससे ये समस्या हो रही है।

पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत ज्यादा हुआ कलेक्शन

MCD ने बताया कि मंगलवार, 30 जून को शाम तक 1,260 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स एडवांस में जमा किया गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 1,040 करोड़ रुपये जमा हुए थे। इस तरह कलेक्शन में 20% की बढ़ोतरी हुई है।

ये भी पढ़ें-

GST से जुड़े विवादों के लिए 31 जुलाई तक दाखिल कर सकेंगे अपील, सरकार ने 1 महीने के लिए बढ़ाई डेडलाइन

Latest Business News