A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. टैक्स
  4. बिहार-झारखंड में सबसे ज्यादा टैक्स चुकाने वाले व्यक्ति बने महेंद्र सिंह धोनी, वित्त वर्ष 2025-26 में दो राज्यों से हुआ ₹20,000 करोड़ का कलेक्शन

बिहार-झारखंड में सबसे ज्यादा टैक्स चुकाने वाले व्यक्ति बने महेंद्र सिंह धोनी, वित्त वर्ष 2025-26 में दो राज्यों से हुआ ₹20,000 करोड़ का कलेक्शन

डॉ. डी. सुधाकर राव ने बताया कि कुल टैक्स कलेक्शन का लगभग 70 प्रतिशत स्रोत पर कर कटौती (TDS) के माध्यम से प्राप्त हुआ।

mahendra singh dhoni, ms dhoni, ms dhoni income, ms dhoni net worth, ms dhoni tax, chennai super kin- India TV Hindi
Image Source : BCCI कुल टैक्स कलेक्शन में टीडीएस से आया 70 फीसदी हिस्सा

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान झारखंड और बिहार से कुल मिलाकर लगभग 20,000 करोड़ रुपये का टैक्स कलेक्शन किया है। ये जानकारी गुरुवार को एक सीनियर इनकम टैक्स अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि दोनों राज्यों को मिलाकर व्यक्तिगत टैक्सपेयर्स में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सबसे ज्यादा टैक्स चुकाया है। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (बिहार-झारखंड), डॉ. डी. सुधाकर राव ने मीडिया के साथ बातचीत में बताया, ''वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार और झारखंड से कुल टैक्स वसूली लगभग 20,000 करोड़ रुपये थी, जिसमें से 12,000 करोड़ रुपये केवल झारखंड से वसूले गए।'' 

कुल टैक्स कलेक्शन में टीडीएस से आया 70 फीसदी हिस्सा

डॉ. डी. सुधाकर राव ने बताया कि कुल टैक्स कलेक्शन का लगभग 70 प्रतिशत स्रोत पर कर कटौती (TDS) के माध्यम से प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि बिहार और झारखंड में कुल 5.5 करोड़ पैन होल्डर हैं और इनमें से सिर्फ 40 लाख लोग ही रिटर्न फाइल करते हैं। राव ने कहा, ''पिछले वित्त वर्ष में बिहार और झारखंड को मिलाकर महेंद्र सिंह धोनी सबसे ज्यादा टैक्स चुकाने वाले व्यक्तिगत करदाता हैं। हालांकि, उन्होंने अपने शुद्ध टैक्स रिटर्न का खुलासा करने से परहेज किया।'' cleartax.in के मुताबिक, महेंद्र सिंह धोनी ने वित्त वर्ष 2023-24 में कुल 38 करोड़ रुपये का टैक्स चुकाया था। डिपार्टमेंट एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बिहार और झारखंड की कंपनियों में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और सीएमपीडीआई ने सबसे ज्यादा टैक्स दिया है।

आईपीएल से भी संन्यास ले सकते हैं धोनी

बताते चलें कि महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2019 में खेले गए विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, वे अभी भी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं। धोनी अभी अपनी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जो उन्हें 2026 इंडियन प्रीमियर लीग शुरू होने से पहले लगी थी। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान ने अभी तक इस आईपीएल में एक भी मैच नहीं खेला है। हालांकि, वे अपने साथियों के साथ नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि मौजूदा आईपीएल उनका आखिरी सीजन हो सकता है।

Latest Business News