1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. अमृतसर में AAP सरपंच के बेटे को गोलियों से भूना, मौके पर ही मौत; दोस्त के साथ गुरुद्वारे माथा टेकने आया था

अमृतसर में AAP सरपंच के बेटे को गोलियों से भूना, मौके पर ही मौत; दोस्त के साथ गुरुद्वारे माथा टेकने आया था

पंजाब के अमृतसर के गांव चिते कलां में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। फायरिंग में तीरथ सिंह की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। तीरथ सिंह आम आदमी पार्टी की सरपंच का बेटा था।

मृतक की फाइल फोटो।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक की फाइल फोटो।

पंजाब के अमृतसर के गांव चीते कलां में गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। माथा टेकने आए तीरथ सिंह और उसके दोस्त रंजीत सिंह पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में आम आदमी पार्टी की सरपंच के बेटे तीरथ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त रंजीत सिंह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे निजी रंजिश की बात सामने आ रही है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है, जब तीरथ सिंह अपने दोस्त रंजीत सिंह के साथ माथा टेकने आया था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों के साथ चल रही पुरानी दुश्मनी के चलते उन पर गोलियां चला दी गईं। हमलावरों द्वारा करीब 7 से 8 राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। तीरथ सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी जान चली गई। वहीं, रंजीत सिंह की जांघ में गोली लगी है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।

आरोपियों के नाम-

इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें गुरजंट, गोरा, हरकीरत उर्फ हॉकी और गुरदित्त सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।

मृतक का भाई ब्लॉक समिति सदस्य और मां सरपंच

बता दें कि कि मृतक तीरथ सिंह का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उसका भाई ब्लॉक समिति सदस्य है, जबकि उसकी मां गांव की सरपंच हैं। SSP अमृतसर देहाती कवलप्रीत सिंह चहल ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच के अनुसार यह कोई गैंगवार नहीं, बल्कि निजी रंजिश का मामला है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।

इससे पहले 13 अक्टूबर को पंजाब में नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे परमिंदर झोटा की हत्या हो गई थी। मानसा के व्यस्त बाजार में मेडिकल स्टोर के मालिक अश्विनी कुमार ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। परविंदर झोटा मानसा इलाके के रहने वाले थे और ड्रग्स के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते थे।

(रिपोर्ट- विशाल शर्मा)

यह भी पढ़ें-

आखिर ऐसा क्या हुआ कि होटल लीज पर लेने वाले ने कर दी 5 लोगों की हत्या? जानें गुवाहाटी कांड की असली कहानी