अमृतसर: जिले में एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक स्कूटी हटाने को लेकर विवाद होने के बाद दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद कार सवार युवक ने फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित को गोली लगने के बाद आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
स्कूटी पार्क करने को लेकर हुआ विवाद
दरअसल, पुलिस ने शनिवार को बताया कि 28 वर्षीय युवक की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना स्कूटी पार्क करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार रात की है। विवाद तब शुरू हुआ जब एक खड़ी 'एक्टिवा' स्कूटी को हटाने की बात आई। मृतक की पहचान मार्केटिंग प्रोफेशनल अमित सभरवाल के रूप में हुई है। आरोप है कि आरोपी ने अपनी कार का हॉर्न बार-बार बजाकर अमित से स्कूटर हटाने को कहा, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान आरोपी ने बहुत करीब से अमित पर छह गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने केस दर्ज किया
पुलिस के अनुसार, यह घटना छबाल रोड स्थित आनंद एवेन्यू इलाके में हुई। अमित और आरोपी, दोनों इसी इलाके में रहते थे। मृतक के पिता सुनील सभरवाल की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने छह गोलियां चलाईं, जिनमें से चार अमित के सिर और पेट में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें तैनात की हैं।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है। इस घटना के बाद, विपक्षी दलों ने 'आप' (AAP) सरकार की आलोचना करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस घटना को लेकर पंजाब सरकार की निंदा की और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-