1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. शंभू-राजपुर रेलवे लाइन ब्लास्ट केस में NIA ने दाखिल की चार्जशीट, जानें खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़ा क्या है मामला

शंभू-राजपुर रेलवे लाइन ब्लास्ट केस में NIA ने दाखिल की चार्जशीट, जानें खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़ा क्या है मामला

 Reported By: Manish Prasad,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 24, 2026 09:58 pm IST,  Updated : Oct 24, 2026 09:59 pm IST

एनआईए ने शंभू-राजपुरा रेलवे लाइन विस्फोट मामले में 6 आरोपियों खिलाफ चार्जशीट दायर की है। ये मामला Khalistan Zindabad Force से जुड़ा हुआ है।

NIA Chargesheet- India TV Hindi
शंभु-राजपुरा रेलवे लाइन विस्फोट मामले में चार्जशीट दाखिल। Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो)

NIA ने शंभू-राजपुर रेलवे लाइन ब्लास्ट मामले में आज (शनिवार को) 6 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर कर दी है। बता दें कि यह मामला 27 अप्रैल 2026 को पंजाब में शंभू और राजपुरा स्टेशनों के बीच रेलवे लाइन पर हुए ब्लास्ट से जुड़ा है। इस घटना में खालिस्तानी ऑपरेटिव जगरूप सिंह की मौत हो गई थी, जब वह विस्फोटक सामग्री को तैयार कर रहा था।

NIA की स्पेशल कोर्ट में दाखिल की गई चार्जशीट

यह चार्जशीट पंजाब के मोहाली में NIA की स्पेशल कोर्ट में दाखिल की गई है। इसमें गुरजिंदर सिंह उर्फ ​​बेअंत बाबा, सतनाम सिंह, प्रदीप सिंह उर्फ ​​खालसा, कुलविंदर सिंह उर्फ ​​बग्गा, गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोपी और मंजीत सिंह को आरोपी बनाया गया है। इन पर BNS, आर्म्स एक्ट, एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट, रेलवे एक्ट, प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट और UA(P) एक्ट की तमाम धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

इसी साल 27 अप्रैल को हुआ था विस्फोट

आरोपी व्यक्ति एक ऐसी साजिश में शामिल थे, जिसके परिणामस्वरूप 27 अप्रैल 2026 को शंभू और राजपुरा स्टेशनों के बीच, 'डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड' (DFCCIL) की रेलवे लाइन पर किलोमीटर संख्या 1174-5 पर एक विस्फोट हुआ था। इस साजिश का उद्देश्य प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स यानी Khalistan Zindabad Force की आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देना, सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ना और पंजाब राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को अस्थिर करना था।

खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स किन गतिविधियों में है शामिल?

जान लें कि आतंकी गिरोह खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स आतंकी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने, विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद हासिल करने, आम लोगों के बीच दहशत फैलाने और देश की अखंडता, सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा पैदा करने जैसी गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल है। जांच के दौरान, NIA ने पाया कि गिरफ्तार आरोपी और अब मृत हो चुके आरोपी जगरूप सिंह, पाकिस्तान में बैठे रणजीत सिंह उर्फ ​​'नीता' की तरफ से रची गई एक साजिश का हिस्सा थे। रणजीत सिंह, KZF से जुड़ा हुआ है और उसे एक 'नामित व्यक्तिगत आतंकवादी' (DIT) घोषित किया जा चुका है।

खालिस्तानी विचारधारा को बढ़ावा देना था मकसद

इस साजिश का मकसद खालिस्तानी विचारधारा को बढ़ावा देना और इस आतंकवादी संगठन के लक्ष्यों को आगे बढ़ाना था। इस मामले में आगे की जांच जारी है। इससे पहले, JMB की शाखा इमाम महमूद हबीबुल्लाह पर एक्शन हुआ था। NIA ने आतंकी साजिश के मामले में 1 और आरोपी को दबोचा था।

ये भी पढ़ें- 'वॉइस ऑफ हिंद' आतंकी साजिश मामले में ISIS के 4 सदस्यों को NIA कोर्ट ने सुनाई सजा, युवाओं को बना रहे थे कट्टरपंथी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।