A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. जैक पर टिका मकान गिरा, मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौत

जैक पर टिका मकान गिरा, मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौत

घर गिरने की आवाज इतनी ज्यादा थी कि मौके पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। गुरुद्वारा साहिब में घोषणा भी कराई गई और तुरंत मदद के लिए लोगों को बुलाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीन लोगों की मौत हो गई।

Barnala Home- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT घर गिरने की घटना CCTV में कैद हो गई

पंजाब के बरनाला में तेज आंधी-तूफान के कारण जैक पर टिका मकान गिर गया, जिससे काम कर रहे तीन मजदूरों की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना फरवाही में हुई। चश्मदीदों ने बताया कि घर गिरने से बहुत तेज आवाज आई। इस वजह से आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। गुरुद्वारे से लोगों को मदद के लिए बुलाना पड़ा। हालांकि, घायलों की जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी देते हुए गांव के सरपंच जरगीर सिंह संधू और अन्य ग्रामवासियों ने बताया कि जान गंवाने वाले तीनों युवक गांव के रहने वाले थे। फरवाही के विशाल का मकान सीवरेज के पानी के कारण एक तरफ से बैठ गया था, जिसकी मरम्मत का काम रणजीत ठेकेदार को दिया गया था। घर को ऊपर उठाने का काम चल रहा था। उस मकान में रात को तीन युवक बॉबी सिंह, प्रिंस, गुरजीत सिंह मोगा जो बिल्डिंग के अंदर सो रहे थे। रविवार की सुबह मकान की दीवार एक तरफ झुकने के कारण मकान गिर गया। जिनमें से तीन मजदूरों की बिल्डिंग के नीचे आने के कारण मौत हो गई। 

गुरुद्वारा साहिब से मदद के लिए आए लोग

गांव के लोगों ने बताया कि घर गिरने की आवाज इतनी ज्यादा थी कि मौके पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और गुरुद्वारा साहिब में घोषणा भी कराई गई और तुरंत मदद के लिए लोगों को बुलाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया और भारी आंधी-तूफान में गांव के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठे हो गए। मौके पर पुलिस प्रशासन भी पहुंच गया, जिन्होंने लोगों की मदद से मलबे में दबे तीन व्यक्तियों को निकाला।

जेसीबी की मदद से मजदूरों को निकाला

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सहायक थानेदार अमरजीत सिंह ने कहा कि लोगों के सहयोग से जेसीबी का प्रबंध करते हुए तीन मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल बरनाला पहुंचाया। मौके पर पहुंचे हल्का इंचार्ज बरनाला हरेंद्र सिंह धालीवाल ने कहा कि जांच करवाएंगे कि क्या कारण हुए और मुआवजे की कोशिश भी की जाएगी। जहां ड्यूटी डॉक्टर लवलीना गर्ग ने तीनों को मृत घोषित कर दिया, जिनकी पार्थिव देह मोर्चरी में रख दी गई है।

(बरनाला से परवीन ऋषि की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

रामनवमी शोभायात्रा के दौरान भाजपा विधायक ने हवा में चलाई गोली, पुलिस ने दर्ज किया केस, MLA बोले- नकली थी पिस्तौल

सरकार ने पिछले 10 सालों में नक्सलवाद पर कैसे लगाई नकेल? 10 हजार माओवादियों ने डाले हथियार; जानें क्या-क्या रहे अहम फैक्टर