1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. चंडीगढ़ में बेकाबू मर्सिडीज का कहर, दो युवकों को रौंदा, ड्राइवर फरार, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो आया सामने

चंडीगढ़ में बेकाबू मर्सिडीज का कहर, दो युवकों को रौंदा, ड्राइवर फरार, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो आया सामने

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब के बाहर एक दिल दहला देने वाला हिट एंड रन का मामला सामने आया है। क्लब के बाहर दो युवकों को एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने रौंद दिया। दोनों की हालत गंभीर है।

hit and run, chandigarh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चंडीगढ़ में हिट एंड रन का मामला

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब के बाहर शनिवार शाम तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घायलों का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच)-32 में चल रहा है। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो तेजी से वायरल हो रहा है।

सड़क पर दूर जाकर गिरे

पुलिस के मुताबिक बाबूधाम कॉलोनी, सेक्टर-26 निवासी अमनजट और सेक्टर-44 निवासी अलांस प्रीत शनिवार शाम सेक्टर-26 स्थित डिस्को क्लब गए थे। क्लब से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक सड़क पर दूर जाकर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो वहीं। हादसे के बाद ड्राइवर ने कार को तेजी से बैक किया और फिर एक युवक को कुचल दिया। इससे पहले कि लोग उसे रोकते वह बिना रुके कार लेकर फरार हो गया। 

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें मर्सिडीज कार तेज रफ्तार से आगे जाती है। फिर ड्राइवर काफी तेजी से गाड़ी को बैक करते हुए एक शख्स को कुचल देता है। जिस वक्त यह घटना हुआ सड़क पर काफी लोग जमा हो गए थे। लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मर्सिडीज कार के नंबर और फरार ड्राइवर की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मामले में हिट एंड रन और लापरवाही से वाहन चलाने के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने चंडीगढ़ के सबसे व्यस्त कमर्शियल और नाइटलाइफ हब माने जाने वाले सेक्टर-26 की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अक्सर रईसजादों द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से लग्जरी गाड़ियां दौड़ाने के मामले सामने आते रहते हैं। बता दें कि इसी तरह की घटना यूपी के बरेली में सामने आई थी जब बेकाबू कार ने रास्ते में पड़ने वाले सभी लोगों को टक्कर मारी थी।

ये भी पढ़ें:
रफ्तार का कहर, बेकाबू बाइक की टक्कर से कई फीट दूर हवा में उछला बच्चा, रूह कंपा देगा CCTV वीडियो