चंडीगढ़ में आज एक पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की वजह से अफरा-तफरी का माहौल तब बन गया जब सेक्टर 17 में संचालित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के इस पंप के बाहर पेट्रोल और डीजल खरीदने के लिए लिमिट फिक्स करने के पोस्टर लगा दिए गए। दोपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये और चारपहिया वाहनों के लिए 1500 रुपये की लिमिट बताते हुए ये पोस्टर लगाए गए। इसके बाद पूरे शहर में एक अफवाह का माहौल बन गया कि चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल की किल्लत आने वाले दिनों में हो सकती है।
DC ने जारी किया बयान
इसके बाद तुरंत ही प्रशासन एक्शन में आया और पेट्रोल पंप मालिक से बात की गई और वहां लगे पोस्टरों को हटाया गया। चंडीगढ़ DC की तरफ से एक स्टेटमेंट जारी करके कहा गया कि चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की कोई कमी नहीं है, अफवाह ना फैलाई जाएं।
लिमिट फिक्स का पोस्टर लगाने के पीछे वजह क्या?
दरअसल, इस पेट्रोल पंप के पास लिमिटेड पेट्रोल-डीजल का स्टॉक ही बचा था और आपूर्ति के लिए गाड़ी नहीं पहुंची थी। पेट्रोल पंप मालिक का कहना है कि इसके बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने इस मंशा के साथ ये पोस्टर लगा दिए कि किसी को भी पेट्रोल पंप से खाली वापस ना लौटाया जाए और एक लिमिट में पेट्रोल-डीजल तब तक दिया जाए तब तक कि दूसरी गाड़ी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति लेकर नहीं पहुंचती। लेकिन इस वजह से कंफ्यूजन पैदा हो गया और कुछ देर के लिए पूरे शहर में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया।
पेट्रोल पंप मालिक ने मांगी माफी
हालांकि चंडीगढ़ डीसी की ओर से जारी किए गए बयान के सामने आने के बाद और पेट्रोल पंप मालिक के द्वारा माफी मांग लिए जाने के बाद ये पूरा मामला सुलट गया। फिलहाल शहर में किसी तरह की पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत की बात अब तक सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें-
Explainer: पेट्रोल-डीजल खरीदने में कितना खर्च करते हैं भारतीय? पाकिस्तान, नेपाल के हालात बेहद खराब
पेट्रोल-डीजल कम खर्च करने पर PM मोदी की नसीहत ना मानने वाले 7 BJP नेताओं को चेतावनी, पार्टी ने किया तलब